मध्यप्रदेश में जल संरक्षण के क्षेत्र में एक बड़ा कदम उठाते हुए तीसरा जल गंगा संवर्धन अभियान 19 मार्च को गुड़ी पड़वा से शुरू होने जा रहा है। मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव अभियान का शुभारंभ इंदौर के निपानिया तालाब से करेंगे। निपानिया तालाब का जीर्णोद्धार और सौंदर्यीकरण कार्य 1.77 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा। यह प्रदेशव्यापी महाअभियान 30 जून तक जारी रहेगा।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 1.30 बजे प्रदेश स्तरीय जल गंगा संवर्धन अभियान के तृतीय चरण का इंदौर के सांवेर विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत निपानिया में स्थित तालाब पर आयोजित कार्यक्रम में करेंगे शुभारंभ। पिछले दो चरणों में 3.50 लाख से अधिक जल स्रोतों के पुनर्जीवन के साथ नए निर्माण कार्य, भू जल स्तर में वृद्धि और खेतों के लिए संजीवनी साबित हो रहे हैं।
अभियान में विभागीय सहभागिता
- इस अभियान में 18 विभाग शामिल होंगे।
- नोडल विभाग: पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग
- सह-नोडल विभाग: नगरीय प्रशासन एवं आवास विभाग
जल संसाधन मंत्री तुलसी सिलावट ने बताया कि मुख्यमंत्री के मुख्य आतिथ्य में यह पहल जल संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
अमृत 2.0 योजना के तहत तालाब विकास
राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री 21.43 करोड़ रुपये की लागत से अमृत 2.0 योजना अंतर्गत शहर के प्रमुख तालाबों के विकास कार्यों का भूमिपूजन भी करेंगे।
- बिलावली तालाब: 12.72 करोड़ रुपये
- लिम्बोदी तालाब: 4.89 करोड़ रुपये
- छोटा सिरपुर तालाब: 3.82 करोड़ रुपये
इस योजना का मुख्य उद्देश्य तालाबों की जल धारण क्षमता बढ़ाना, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देना, और शहर के प्राकृतिक जल स्रोतों को पुनर्जीवित करना है।
Comments (0)