रायपुर। राजधानी रायपुर के डीडी नगर थाना क्षेत्र स्थित इंद्रप्रस्थ फेस-2 सोसायटी में आधी रात जमकर बवाल हो गया। तेज गाना बजाने के विवाद को लेकर कुछ अज्ञात लोगों ने एक फ्लैट पर हमला कर दिया और घर में घुसकर जमकर तोड़फोड़ की।
जानकारी के अनुसार सोसायटी के डी ब्लॉक में रहने वाले सोजल थावरे और आर्यन थावरे अपने दोस्तों के साथ घर में पार्टी कर रहे थे। इसी दौरान तेज आवाज में गाना बजाने को लेकर सी ब्लॉक में रहने वाले कुछ अज्ञात लोग नाराज हो गए और देर रात डी ब्लॉक स्थित फ्लैट पर धावा बोल दिया।
आरोप है कि हमलावरों ने फ्लैट का दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया और टीवी, फ्रिज सहित घर के कई सामान में तोड़फोड़ कर दी। इस दौरान आरोपियों ने सोजल थावरे और आर्यन थावरे पर प्राणघातक हमला भी किया। हमले में दोनों सगे भाइयों सहित कुल 4 लोग घायल हो गए।
हमले के दौरान कुछ युवक जान बचाने के लिए सोसायटी की 9वीं मंजिल पर जाकर छिप गए। घटना के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है।
Comments (0)