ईरान पर इज़राइल और अमेरिका की स्ट्राइक के बीच दुबई की मशहूर और दुनिया की सबसे ऊंची इमारत बुर्ज खलीफा के पास ड्रोन हमला हुआ। इसके बाद दुबई के सभी एयरपोर्ट बंद कर दिए गए और आने-जाने वाली फ्लाइट्स अनिश्चितकाल के लिए रद्द कर दी गईं।
इज़राइल–ईरान जंग का असर मध्य प्रदेश के यात्रियों पर भी पड़ा है। शारजाह से इंदौर आने वाली Air India Express की फ्लाइट IX-256 रद्द कर दी गई है। इसके साथ ही IX-255 (IDR–SHJ) और IX-256 (SHJ–IDR) उड़ानें भी कैंसिल कर दी गई हैं। इससे मध्य प्रदेश के 100 से ज्यादा यात्री दुबई और शारजाह एयरपोर्ट पर फंसे हुए हैं।
जानकारी के मुताबिक, शारजाह से इंदौर के लिए उड़ान UAE समयानुसार दोपहर 12:20 बजे रवाना होने वाली थी, लेकिन अंतिम समय में इसे रद्द कर दिया गया। यात्रियों को एयरपोर्ट पहुंचने के बाद इसकी सूचना मिली। कई यात्री पहले ही दुबई पहुंच चुके थे और उनकी शारजाह से इंदौर के लिए कनेक्टिंग फ्लाइट तय थी, वे भी वहीं फंसे हैं।
सूत्रों के अनुसार दुबई में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने के लिए इंदौर से कई लोग पहुंचे थे। इनमें पूर्व विधायक संजय शुक्ला, विशाल पटेल, प्रवीण कक्कड़ समेत अन्य लोग शामिल हैं।
परिवार और बच्चों के साथ फंसे यात्री
फंसे यात्रियों में इंदौर, भोपाल और ग्वालियर सहित मध्य प्रदेश के कई जिलों के लोग शामिल हैं। इनमें बड़ी संख्या में परिवार, महिलाएं और बच्चे भी हैं। कई लोग छुट्टियां मनाने या पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने गए थे, लेकिन अब वापसी को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है।
एयर इंडिया एक्सप्रेस के अनुसार इज़राइल–ईरान तनाव के कारण UAE सहित मध्य पूर्व के कई देशों ने अपने एयरस्पेस में प्रतिबंध लगाए हैं। इसी वजह से कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानें प्रभावित हुई हैं। सुरक्षा कारणों से शारजाह–इंदौर रूट की फ्लाइट रद्द की गई है। एयरलाइन ने यात्रियों को टिकट का पूरा रिफंड या बाद की तारीख में रीबुकिंग का विकल्प देने की बात कही है, हालांकि सीमित वैकल्पिक उड़ानों के चलते तत्काल राहत मिलना मुश्किल हो रहा है।
Comments (0)