मध्यप्रदेश के कूनो नेशनल पार्क में चीतों की संख्या में एक बार फिर इजाफा हुआ है। यहां की चर्चित मादा चीता ज्वाला ने 9 मार्च को एक साथ 5 शावकों को जन्म दिया है। इसके साथ ही देश में चीतों की कुल संख्या बढ़कर 53 हो गई है।
मादा चीता ज्वाला ने 5 शावकों को दिया जन्म, भारत में संख्या बढ़कर 53
मादा चीता ज्वाला मूल रूप से अफ्रीकी देश नामीबिया से लाई गई थी। सितंबर 2022 में प्रधानमंत्री द्वारा कूनो नेशनल पार्क में छोड़े गए आठ नामीबियाई चीतों में ज्वाला भी शामिल थी। उस समय उसका नाम सियाया था, जिसे बाद में बदलकर ज्वाला रखा गया। कूनो में आने के बाद ज्वाला ने यहां के वातावरण में खुद को अच्छी तरह ढाल लिया और अब उसे कूनो की सबसे सफल मादा चीताओं में गिना जाता है।
ज्वाला ने पहली बार मार्च 2023 में 4 शावकों को जन्म दिया था, लेकिन उनमें से केवल एक शावक ही जीवित रह पाया। इसके बाद जनवरी 2024 में उसने दूसरी बार 3 शावकों को जन्म दिया। अब तीसरी बार उसने 5 शावकों को जन्म देकर कूनो में चीतों की आबादी बढ़ाने में बड़ी भूमिका निभाई है।
Comments (0)