लोगों की शिकायतों के आधार पर जिला आयुष अधिकारी डॉ. रितु द्विवेदी ने ककरहटी स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में आयुष विभाग का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान पदस्थ आयुष डॉक्टर श्वेता अनुपस्थित पाई गईं, जबकि आयुष ओपीडी कक्ष में ताला लगा मिला। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए अधिकारी ने पंचनामा बनाकर कक्ष को सील कर दिया।
शिकायतों की पुष्टि, पंचनामा तैयार कर कक्ष सील
निरीक्षण के दौरान स्थानीय नागरिकों ने बताया कि डॉक्टर पिछले शुक्रवार से अनुपस्थित हैं और ओपीडी नियमित रूप से बंद रहती है। शिकायतों की पुष्टि होने पर जिला आयुष अधिकारी ने समाजसेवी कैलाश त्रिपाठी एवं नागरिकों की मौजूदगी में पंचनामा तैयार किया। इसके बाद आयुष ओपीडी कक्ष को विधिवत सील कर दिया गया।
स्थानीय लोगों में नाराजगी, नियमित चिकित्सक की मांग
निरीक्षण के दौरान नागरिकों ने पदस्थ आयुष डॉक्टर को हटाकर अन्य डॉक्टर की नियुक्ति की मांग उठाई। लोगों का आरोप है कि आयुष सेवाओं का अपेक्षित लाभ मरीजों को नहीं मिल पा रहा। नागरिकों ने प्रशासन से नियमित और सक्रिय चिकित्सक की पदस्थापना सुनिश्चित करने की अपील की है।
Comments (0)