मध्यप्रदेश की राजनीति में एक अहम घटनाक्रम सामने आया है। भारतीय जनता पार्टी (BJP) के वरिष्ठ नेता और प्रख्यात कवि सत्यनारायण सत्तन की बेटी कनुप्रिया ने कांग्रेस पार्टी की सदस्यता ग्रहण कर ली है। कनुप्रिया ने कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक और महिला कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष अर्चना जायसवाल की मौजूदगी में कांग्रेस ज्वाॉइन की। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने उनका स्वागत किया और बधाई दी।
सोशल मीडिया पर दी गई जानकारी
मध्यप्रदेश कांग्रेस ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए इसकी जानकारी साझा की। पोस्ट में लिखा गया कि प्रख्यात कवि और भाजपा के प्रमुख नेता सत्यनारायण सत्तन की बेटी कनुप्रिया ने आज कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।
कौन हैं सत्यनारायण सत्तन?
इंदौर के रहने वाले सत्यनारायण सत्तन भाजपा के वरिष्ठ नेता, पूर्व विधायक और मध्यप्रदेश खादी एवं ग्रामोद्योग निगम के पूर्व अध्यक्ष रह चुके हैं। उन्होंने 1980 में इंदौर-1 विधानसभा सीट से चुनाव लड़ा था। हालांकि शुरुआती मुकाबले में उन्हें हार का सामना करना पड़ा, लेकिन बाद में हुए उपचुनाव में उन्होंने कांग्रेस प्रत्याशी को हराकर जीत दर्ज की थी। राजनीति के साथ-साथ सत्यनारायण सत्तन एक प्रख्यात कवि के रूप में भी पहचान रखते हैं और प्रदेश की राजनीतिक एवं साहित्यिक दुनिया में सक्रिय रहे हैं।
सियासी मायने
बीजेपी के वरिष्ठ नेता के परिवार से कांग्रेस में शामिल होना राजनीतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। ऐसे समय में जब प्रदेश में दोनों प्रमुख दलों के बीच राजनीतिक मुकाबला तेज है, यह घटनाक्रम सियासी चर्चाओं को और हवा दे सकता है।