नया रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से आज मुख्यमंत्री निवास कार्यालय, नया रायपुर में भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान कपिल देव ने शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने उन्हें बेल मेटल से बनी आकर्षक प्रतिकृति और ‘पुण्यभूमि छत्तीसगढ़’ कॉफी टेबल बुक भेंट कर सम्मानित किया।
मुलाकात के दौरान राज्य में खेलों को प्रोत्साहन देने, आधुनिक खेल अधोसंरचना विकसित करने, अंतरराष्ट्रीय स्तर के प्रशिक्षण केंद्र स्थापित करने और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बेहतर मंच उपलब्ध कराने जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई। बैठक में मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव सुबोध कुमार सिंह भी उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री साय ने बताया कि राज्य सरकार खेल संस्कृति को मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध है और खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, संसाधन और अवसर उपलब्ध कराना उसकी प्राथमिकता है।
वहीं कपिल देव ने छत्तीसगढ़ में हो रहे सकारात्मक बदलावों की सराहना करते हुए कहा कि सुरक्षा, विश्वास और विकास के वातावरण में यहां की प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने के व्यापक अवसर मिलेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि छत्तीसगढ़ एक सुरक्षित, समृद्ध और विकसित राज्य के रूप में निरंतर प्रगति करेगा।
Comments (0)