केरल के शहरी विकास के लिए अब मध्य प्रदेश एक मॉडल राज्य के रूप में सामने आ रहा है। ‘भाजपा फॉर विकसित केरलम’ पहल के अंतर्गत केरल के नगरीय निकायों के जनप्रतिनिधियों का एक प्रतिनिधिमंडल 14 और 15 फरवरी को भोपाल और ग्वालियर का दौरा करेगा।
स्मार्ट सिटी पहलों का निरीक्षण किया जाएगा
यह दल मध्य प्रदेश के आधुनिक नगरीय प्रशासन, स्मार्ट सिटी परियोजनाओं और अन्य सफल विकास मॉडलों का गहन अध्ययन करेगा। प्रतिनिधिमंडल विशेष रूप से भोपाल नगर निगम की कार्यप्रणाली को करीब से समझेगा। इसके तहत रेलवे स्टेशन क्षेत्र के पुनर्विकास, मेट्रो परियोजनाओं, जल स्रोतों व फिल्टर प्लांट्स, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन प्रणाली और स्मार्ट सिटी पहलों का निरीक्षण किया जाएगा।
शहरी विकास मॉडल पर विस्तार से होगी चर्चा
दौरे के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव प्रतिनिधिमंडल से संवाद कर प्रदेश के शहरी विकास मॉडल पर विस्तार से चर्चा करेंगे। वहीं ग्वालियर प्रवास के दौरान प्रतिनिधिमंडल विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर से भी मुलाकात करेगा।