रायपुर ग्रामीण के खरोरा थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एक मालवाहक ट्रेलर में 200–250 यात्रियों को बैठाकर ले जा रहे चालक को गिरफ्तार किया है।
तिगड्डा चौक पर चेकिंग के दौरान इस ट्रेलर को पकड़ा गया। आरोपी चालक की पहचान शोभित राम निषाद (30 वर्ष) के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक चालक तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चला रहा था। रोकने पर उसने पुलिस के साथ दुर्व्यवहार किया और सहयोग भी नहीं किया।
इस मामले में आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) धारा 281 और मोटर व्हीकल एक्ट धारा 184 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
मानवता का परिचय देते हुए पुलिस ने सभी यात्रियों को सुरक्षित उनके गंतव्य तक पहुंचाया। इसके लिए 2 बस और 5 क्रूजर की व्यवस्था कर यात्रियों को उनके गांव रवाना किया गया।
पुलिस ने साफ कहा है कि यात्रियों की जान जोखिम में डालने वालों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही आम लोगों से अपील की गई है कि वे मालवाहक वाहनों में सफर न करें और सुरक्षित यात्रा को प्राथमिकता दें।