अमानगंज थाना क्षेत्र के महदवा खिरवा हार में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में गोली लगने से मौत का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान बलिराम चौधरी (22) निवासी ककरहाई भटवा के रूप में हुई है। युवक का शव खेत में बनी एक झोपड़ी के पास पड़ा मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
झोपड़ी के पास मिला शव, मौके पर भोजन के संकेत
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक के चेहरे के पास गोली लगने के निशान पाए गए हैं। घटनास्थल के निकट थाली एवं रोटियां पड़ी मिलीं, जिससे आशंका जताई जा रही है कि खेत में किसी प्रकार का सामूहिक भोजन या बैठक चल रही थी। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस जांच में जुटी, कारणों का नहीं हुआ खुलासा
पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम हेतु अमानगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया। प्रारंभिक जांच में पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा यह जानने का प्रयास किया जा रहा है कि गोली किन परिस्थितियों में चली। फिलहाल घटना के कारण स्पष्ट नहीं हो सके हैं।
दो दिन पहले ही गांव लौटा था युवक
ग्रामीणों के अनुसार, बलिराम चौधरी बाहर रहकर मजदूरी करता था और दो दिन पूर्व ही अपने गांव लौटा था। घटना के बाद क्षेत्र में भय एवं चर्चा का माहौल है। पुलिस ने सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच प्रारंभ कर दी है।
Comments (0)