रायपुर। देशभर में रसोई गैस की कीमतों में एक बार फिर बढ़ोतरी कर दी गई है। तेल कंपनियों ने घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत में ₹60 और 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडर में करीब ₹114.50 की बढ़ोतरी की है। नए दाम आज से लागू हो गए हैं।
इस बढ़ोतरी का असर छत्तीसगढ़ सहित पूरे देश में देखने को मिल रहा है। राज्य में 14.2 किलो वाला घरेलू LPG सिलेंडर अब ₹924 से बढ़कर ₹984 हो गया है। वहीं 19 किलो का कमर्शियल सिलेंडर ₹1,941.50 से बढ़कर ₹2,056.50 हो गया है। छोटे 5 किलो वाले सिलेंडर की कीमत लगभग ₹357.50 के आसपास पहुंच गई है।
दिल्ली समेत देश के बड़े शहरों में भी बढ़े दाम
राजधानी दिल्ली में घरेलू LPG सिलेंडर की कीमत ₹853 से बढ़कर ₹913 हो गई है। यह बढ़ोतरी ऐसे समय में हुई है जब अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल और गैस की कीमतों में तेजी देखी जा रही है।
ईरान-इजरायल तनाव का असर
विशेषज्ञों के अनुसार पश्चिम एशिया में जारी ईरान-इजरायल तनाव के कारण वैश्विक ऊर्जा बाजार में अस्थिरता बढ़ गई है। इससे कच्चे तेल और गैस की सप्लाई पर असर पड़ा है, जिसके कारण भारत में भी LPG के दाम बढ़ाने पड़े।
एक महीने में दूसरी बार बढ़े दाम
कमर्शियल LPG सिलेंडर के दामों में पिछले कुछ समय से लगातार बदलाव हो रहा है।
- 1 फरवरी को 19 किलो वाले सिलेंडर में ₹49 की बढ़ोतरी हुई थी।
- 1 मार्च को भी ₹28 प्रति सिलेंडर बढ़े थे।
- अब फिर ₹114.50 की बड़ी बढ़ोतरी कर दी गई है।
लगातार बढ़ती गैस कीमतों का असर आम लोगों के घरेलू बजट के साथ-साथ होटल, ढाबा और रेस्टोरेंट जैसे व्यवसायों पर भी पड़ सकता है। विशेषज्ञों का मानना है कि अगर अंतरराष्ट्रीय हालात ऐसे ही बने रहे तो आने वाले महीनों में ईंधन की कीमतों में और उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है।
Comments (0)