मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने प्रदेशवासियों के लिए 6 नई योजनाओं की घोषणा की है जो मध्य प्रदेश के विकास में अहम भूमिका निभाएंगी,इन योजनाओं का सीधा लाभ बच्चों, किसानों, युवाओं, महिलाओं और शहरी-ग्रामीण नागरिकों को मिलेगा। सरकार का उद्देश्य प्रदेश को आत्मनिर्भर, समृद्ध और सतत विकास की दिशा में आगे बढ़ाना है। इन योजनाओं में कुपोषण उन्मूलन, वन संरक्षण, किसानों की आय में वृद्धि, शहरी अधोसंरचना विकास और ग्रामीण क्षेत्रों में संपत्ति अधिकार सुनिश्चित करने जैसे अहम प्रावधान शामिल हैं। बजट 2026 में इन सभी योजनाओं के लिए अलग-अलग वित्तीय प्रावधान किए गए हैं।
कुपोषण पर सीधा प्रहार
यशोदा दुग्ध प्रदाय योजना के तहत आंगनबाड़ी और स्कूलों में बच्चों, गर्भवती एवं प्रसूता महिलाओं को नियमित दूध और पोषण आहार उपलब्ध कराया जाएगा।
हरित विकास और रोजगार
समृद्ध वन योजना और कृषि वानिकी योजना के माध्यम से वन क्षेत्र विस्तार, भूजल संरक्षण और किसानों को बहु-आय के अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे।
जनजातीय संस्कृति को संरक्षण
जनजातीय देवलोक वन संरक्षण योजना के जरिए आदिवासी आस्था से जुड़े वनों का संरक्षण किया जाएगा, जिससे स्थानीय पर्यटन और रोजगार को बढ़ावा मिलेगा।
शहरों का कायाकल्प
द्वारका नगर योजना के तहत प्रदेश के शहरों में सड़क, ड्रेनेज, पेयजल और ट्रैफिक व्यवस्था को सुदृढ़ किया जाएगा।
ग्रामीणों को मिलेगा मालिकाना हक
आबादी भूमि स्वामित्व अधिकार पंजीयन योजना के अंतर्गत लाखों ग्रामीण परिवारों को नि:शुल्क कानूनी स्वामित्व मिलेगा, जिससे आर्थिक सशक्तिकरण को मजबूती मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि ये योजनाएं केवल तात्कालिक राहत नहीं, बल्कि दीर्घकालिक विकास की नींव हैं।
Comments (0)