मध्यप्रदेश को को दक्षिण एशिया की प्रमुख ट्रैवल एवं टूरिज्म प्रदर्शनी SATTE 2026 में प्रतिष्ठित ‘बेस्ट स्टेट टूरिज्म’ अवॉर्ड से सम्मानित किया गया है। नई दिल्ली में आयोजित समारोह में यह सम्मान मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ट के अपर प्रबंध संचालक डॉ. अभय अरविंद बेडेकर ने प्राप्त किया। विजेताओं का चयन पर्यटन उद्योग के विशेषज्ञों और वरिष्ठ जूरी सदस्यों द्वारा किया गया।
क्यों बना एमपी अग्रणी पर्यटन गंतव्य?
पर्यटन विभाग के सचिव एवं बोर्ड के प्रबंध संचालक डॉ. इलैयाराजा टी. के अनुसार, यह सम्मान राज्य के मजबूत पर्यटन इकोसिस्टम, बेहतर कनेक्टिविटी, आधुनिक सुविधाओं और सतत् विकास की दिशा में किए जा रहे प्रयासों का परिणाम है। मध्य प्रदेश अपनी समृद्ध विरासत और प्राकृतिक धरोहर के लिए देश-दुनिया में पहचान बना रहा है। यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल जैसे खजुराहो ग्रुप ऑफ मॉनूमेंट्स,सांची स्तूप और भीमबेटका रॉक शेल्टर्स, प्रसिद्ध टाइगर रिजर्व, आध्यात्मिक नगरी उज्जैन और ओंकारेश्वर, जनजातीय संस्कृति, ग्रामीण और एडवेंचर पर्यटन सर्किट प्रदेश को विविध अनुभवों वाला गंतव्य बनाते हैं।
महिला सुरक्षा पर विशेष फोकस
भोपाल स्थित होटल पलाश में मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड पुलिस विभाग और यूएन वूमन के संयुक्त तत्वावधान में ‘पर्यटन स्थलों पर महिलाओं की सुरक्षा’ विषय पर तीन दिवसीय कार्यशाला शुरू हुई। अपर मुख्य सचिव शिवशेखर शुक्ला ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा सुशासन की प्राथमिकता है और सुरक्षित पर्यटन वातावरण ही प्रदेश की साख को मजबूत करता है। ‘निर्भया फ्रेमवर्क’ और कैमरा निगरानी प्रणाली में 19 करोड़ रुपये के निवेश से राज्य महिला सुरक्षा के क्षेत्र में नई पहचान बना रहा है। प्रबंध संचालक डॉ. इलैयाराजा टी. ने कहा कि पर्यटन राज्य की अर्थव्यवस्था का प्रमुख स्तंभ है, इसलिए पर्यटकों, विशेषकर महिला यात्रियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है।
महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर जोर
टूरिज्म बोर्ड महिलाओं को ड्राइवर, गाइड और होम-स्टे संचालक के रूप में आगे बढ़ाने की दिशा में कार्य कर रहा है। सामुदायिक स्तर पर प्रशिक्षण और आर्थिक आत्मनिर्भरता के माध्यम से सुरक्षित और समावेशी पर्यटन मॉडल विकसित किया जा रहा है। लगातार दूसरे वर्ष मिला यह सम्मान दर्शाता है कि मध्य प्रदेश न केवल विरासत और प्रकृति के लिए, बल्कि सुरक्षित और जिम्मेदार पर्यटन के लिए भी देश में अग्रणी बनकर उभर रहा है।
Comments (0)