प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित होने से पहले राज्य में कुल 5,74,06,143 मतदाता पंजीकृत थे। प्रारूप सूची जारी होने के बाद यह संख्या घटकर 5,31,31,983 रह गई, जबकि अंतिम मतदाता सूची में 5,39,81,065 मतदाताओं के नाम शामिल किए गए हैं।इस प्रकार प्रारूप सूची के बाद 8,49,082 मतदाताओं की शुद्ध वृद्धि दर्ज की गई है। प्रत्येक जिले में अंतिम मतदाता सूची की प्रतियां नियमानुसार मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को उपलब्ध करा दी गई हैं।
नियमित बैठकें आयोजित की गईं
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने जानकारी दी कि एसआईआर की घोषणा के बाद पूरे राज्य में 5.74 करोड़ मतदाताओं को गणना प्रपत्र वितरित किए गए और उनके डिजिटलीकरण का कार्य मिशन मोड में संपन्न किया गया।अभियान के दौरान मृत, अनुपस्थित, स्थायी रूप से स्थानांतरित और दोहरी प्रविष्टियों के सत्यापन के लिए बूथ लेवल अधिकारियों तथा राजनीतिक दलों के बूथ लेवल एजेंटों के साथ नियमित बैठकें आयोजित की गईं।
चार महीने की प्रक्रिया के बाद अंतिम मतदाता सूची जारी की गई
करीब चार माह चली इस प्रक्रिया के बाद 1 जनवरी 2026 की अर्हता तिथि के आधार पर अंतिम मतदाता सूची सभी मतदान केंद्रों और निर्धारित स्थलों पर प्रकाशित कर दी गई है।27 अक्टूबर 2025 से राज्यभर में शुरू हुए विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के अंतर्गत विभिन्न चरणों में व्यापक और प्रभावी कार्रवाई की गई। लगभग चार महीने की प्रक्रिया के बाद शनिवार को अंतिम मतदाता सूची जारी की गई।
मतदाता सूची में नाम जोड़ने, विलोपन और संशोधन से संबंधित दावे एवं आपत्तियां 23 दिसंबर 2025 से 22 जनवरी 2026 तक प्राप्त की गईं। इसके बाद 14 फरवरी 2026 तक निर्वाचन अधिकारियों द्वारा इनका सत्यापन कर निराकरण किया गया।विशेष गहन पुनरीक्षण प्रक्रिया को पूरा करने में 55 जिला निर्वाचन अधिकारियों, 230 निर्वाचक पंजीकरण अधिकारियों, 533 सहायक निर्वाचक पंजीकरण अधिकारियों, 71,930 बीएलओ तथा अनेक स्वयंसेवकों की सक्रिय भागीदारी रही। राज्य के मतदाताओं का भी उत्साहपूर्ण सहयोग मिला।
राजनीतिक दलों और विभिन्न संगठनों ने भी इस अभियान में सहयोग दिया। कुल 5,74,06,143 पंजीकृत मतदाताओं में से 5,31,31,983 मतदाताओं से गणना प्रपत्र प्राप्त हुए, जिनका पूर्ण डिजिटलीकरण किया गया।बीएलओ द्वारा लगातार घर-घर सर्वेक्षण कर दिवंगत, स्थायी रूप से स्थानांतरित और दो स्थानों पर पंजीकृत मतदाताओं की पहचान सुनिश्चित की गई।
Comments (0)