मध्यप्रदेश में सर्दी की विदाई के साथ ही सूरज की तपिश ने लोगों को प्रभावित करना शुरू कर दिया है। मार्च के पहले रविवार को प्रदेश के अधिकांश शहरों में पारा 30 डिग्री के ऊपर पहुंच गया। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, यह तो बस शुरुआत है, आने वाले दिनों में गर्मी और तेज होगी। हालांकि, बढ़ती गर्मी के बीच राहत की खबर यह है कि एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है, जिससे रंगपंचमी के आसपास बादलों की आवाजाही और हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है। मौसम विभाग ने अगले 4 दिनों में पारा 4 डिग्री तक बढ़ने का अनुमान जताया है।
मौसम विभाग के अनुसार, वर्तमान में कोई मजबूत सिस्टम सक्रिय नहीं है, इसलिए तेज धूप का प्रभाव देखा जा रहा है। अगले 4 दिनों के दौरान दिन के तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की और बढ़ोतरी हो सकती है। पचमढ़ी को छोड़कर प्रदेश के लगभग सभी शहरों में पारा 30 डिग्री के ऊपर बना हुआ है।
रंगपंचमी पर बारिश की संभावना
मौसम विभाग के अनुसार 4 मार्च से सक्रिय हो रहे नए सिस्टम के कारण रंगपंचमी पर हल्की बारिश के आसार हैं। हिमालयी क्षेत्र में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इसका असर 6 मार्च के आसपास मध्यप्रदेश में दिखाई देगा। इस सिस्टम के प्रभाव से कुछ हिस्सों में बादल छा सकते हैं और रंगपंचमी पर हल्की बूंदाबांदी या बारिश होने की संभावना है, जिससे तापमान में मामूली गिरावट दर्ज हो सकती है।
IMD के आंकड़ों के अनुसार, पचमढ़ी को छोड़कर प्रदेश के सभी शहरों में पारा 30 डिग्री या उससे अधिक दर्ज किया गया। साफ आसमान और तेज धूप के कारण तापमान में अचानक उछाल आया है। विशेष रूप से धार, गुना, ग्वालियर, खंडवा, श्योपुर, खजुराहो, मंडला, नरसिंहपुर, सतना और सिवनी में तापमान 33 डिग्री सेल्सियस पार कर गया।
शनिवार-रविवार की दरमियानी रात में प्रदेश के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान 19 डिग्री के आसपास दर्ज हुआ। जबलपुर में न्यूनतम तापमान 19.3 डिग्री और सतना में 18.2 डिग्री सेल्सियस रहा। धार, नर्मदापुरम, छिंदवाड़ा, सागर और टीकमगढ़ सहित कई जिलों में रात का पारा 17 डिग्री से ऊपर रहा, जिससे अब गुलाबी ठंड पूरी तरह खत्म हो गई है।
अप्रैल-मई में सताएगी 'लू'
लंबी अवधि के पूर्वानुमान में मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि इस साल अप्रैल और मई पिछले सालों का रिकॉर्ड तोड़ सकते हैं। ग्वालियर-चंबल संभाग, रीवा, सागर और शहडोल में पारा 45 डिग्री सेल्सियस के पार जाने की संभावना है। मार्च में भी रातें अपेक्षाकृत ठंडी रहेंगी, लेकिन दिन का तापमान 40 डिग्री तक पहुँच सकता है।
Comments (0)