मध्यप्रदेश में मार्च की शुरुआत से ही गर्मी ने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। प्रदेश में तापमान सामान्य से लगभग 3 डिग्री अधिक दर्ज किया जा रहा है। होली के दिन बुधवार को प्रदेश के कई शहरों में अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस से ऊपर पहुंच गया, जबकि रात का तापमान लगभग 19 डिग्री रहा।
इंदौर और उज्जैन संभाग सबसे गर्म
मौसम विभाग के अनुसार इंदौर और उज्जैन संभाग में सबसे ज्यादा गर्मी दर्ज की गई। वहीं भोपाल, ग्वालियर और जबलपुर भी गर्म रहे।
अगले चार दिनों में और बढ़ सकता है तापमान
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार प्रदेश में अगले चार दिनों तक मौसम का मिजाज लगभग ऐसा ही रहेगा। दिन के तापमान में 2 से 4 डिग्री तक बढ़ोतरी होने की संभावना है। 6 मार्च से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिससे प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्का बदलाव और बादल छाने के साथ हल्की बारिश भी हो सकती है।
40 डिग्री तक पहुंच सकता है पारा
मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले चार दिनों में अधिकतम तापमान करीब 4 डिग्री तक बढ़ सकता है। ऐसे में मार्च के पहले ही पखवाड़े में प्रदेश का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
होली पर तेज धूप का असर
होली के दिन पूरे प्रदेश में तेज धूप रही और कहीं भी बारिश या बादल नहीं दिखे। इसका असर गर्मी में अधिक महसूस किया गया।
नर्मदापुरम में इस सीजन में पहली बार अधिकतम तापमान 37.7 डिग्री दर्ज किया गया। धार, रतलाम और सागर में भी तापमान 36 डिग्री या उससे अधिक रहा। गुना, दमोह, खंडवा, टीकमगढ़, खजुराहो, खरगोन, श्योपुर और मंडला में तापमान 35 डिग्री से ज्यादा रहा। प्रदेश के एकमात्र हिल स्टेशन पचमढ़ी में ही तापमान 30 डिग्री से नीचे रहा।
रात का तापमान भी बढ़ा
प्रदेश में रातें भी गर्म हो गई हैं। मंगलवार-बुधवार की रात बैतूल, गुना, नर्मदापुरम, खंडवा, रतलाम, श्योपुर, जबलपुर, नरसिंहपुर, सागर, सिवनी और टीकमगढ़ में न्यूनतम तापमान 16 डिग्री या उससे अधिक दर्ज किया गया। सबसे अधिक न्यूनतम तापमान धार में 19 डिग्री रिकॉर्ड हुआ।
अप्रैल-मई में लू चलने की संभावना
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार मार्च में लू चलने की संभावना कम है, लेकिन अप्रैल और मई में गर्मी का असर ज्यादा रहेगा। इन महीनों में करीब 15 से 20 दिन तक लू चलने का अनुमान है।
पिछले 10 वर्षों के आंकड़ों के अनुसार मध्य प्रदेश में मार्च के दौरान दिन गर्म और रातें ठंडी रहती हैं, जबकि कभी-कभी बारिश भी होती है। भोपाल, इंदौर और उज्जैन में अधिकतम तापमान 40 डिग्री से अधिक और रात का तापमान 10 से 17 डिग्री के बीच रह सकता है।
फरवरी में चार बार बदला मौसम
इस साल फरवरी में प्रदेश में चार बार मौसम बदला। महीने की शुरुआत में दो बार ओले, बारिश और आंधी चली, जिससे फसलों को नुकसान हुआ। इसके बाद 18 फरवरी से तीसरी बार बारिश हुई और 19, 20 व 21 फरवरी को भी इसका असर रहा। वहीं 23 और 24 फरवरी को चौथी बार ओले और बारिश दर्ज की गई।
Comments (0)