साइक्लोनिक सर्कुलेशन और ट्रफ सिस्टम के सक्रिय होने से मध्यप्रदेश में पिछले दो दिनों से ओले, बारिश और आंधी का सिलसिला जारी है। गुरुवार को प्रदेश के 15 से अधिक जिलों में मौसम में बदलाव देखने को मिला,कहीं ओलावृष्टि हुई तो कहीं तेज बारिश दर्ज की गई।
भोपाल में देर रात करीब 1 बजे और फिर शुक्रवार सुबह लगभग साढ़े 5 बजे तेज बारिश हुई। मौसम विभाग ने ग्वालियर और जबलपुर समेत 34 जिलों में ओले और बारिश का अलर्ट जारी किया है।
साइक्लोनिक सर्कुलेशन और ट्रफ प्रदेश के मध्य हिस्से में सक्रिय हैं। अगले 24 घंटों में सिवनी, मंडला, बालाघाट, दतिया, निवाड़ी और टीकमगढ़ में ओले गिरने की संभावना है। वहीं, अन्य 28 जिलों में आकाशीय बिजली, गरज-चमक, तेज हवा और बारिश होने का अनुमान है। भोपाल में दिनभर बादल छाए रहने की संभावना है।
गुरुवार को भी कई जिलों में आंधी-बारिश का असर
इससे पहले गुरुवार रात प्रदेश में मौसम ने अचानक करवट ली। कई जिलों में तेज बारिश और आंधी चली। ओलावृष्टि के कारण किसानों की फसलों को नुकसान पहुंचा, वहीं तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई।
Comments (0)