मध्य प्रदेश में लोगों को गर्मी से थोड़ी राहत मिलने वाली है। मौसम विभाग ने प्रदेश में अगले तीन से चार दिन तक आंधी और बारिश की चेतावनी जारी की है। इस दौरान तेज हवा और गरज-चमक के भी आसार हैं। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार बुधवार से प्रदेश में एक स्ट्रांग वेस्टर्न डिस्टर्बेंस एक्टिव होने जा रहा है, जिसका असर 18, 19 और 20 मार्च को पूरे प्रदेश के आधे से ज्यादा जिलों में दिखाई देगा। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर, उज्जैन और जबलपुर सहित कई शहरों में तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना है।
सोमवार और मंगलवार को प्रदेश में गर्मी का असर दिखाई दिया। तापमान 35 से 38 डिग्री सेल्सियस के बीच बना रहा। सबसे गर्म शहर खरगोन रहा, जहां 38.6 डिग्री दर्ज की गई। अन्य शहरों में तापमान इस प्रकार रहा:
- खजुराहो: 38.4 डिग्री
- नरसिंहपुर: 38 डिग्री
- रायसेन: 37.6 डिग्री
- मंडला: 37.5 डिग्री
- नर्मदापुरम: 37.2 डिग्री
- खंडवा: 37.1 डिग्री
मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि यह सक्रिय मौसम प्रणाली मार्च में पहली बार इतनी मजबूत दिखाई दे रही है। इसके प्रभाव से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में तापमान में गिरावट और गर्मी से राहत मिलने की संभावना है। इस बदलाव से न केवल गर्मी का असर कम होगा, बल्कि प्रदेश में मौसम का मिजाज भी ठंडा और सुहावना हो सकता है। जनता को अगले तीन दिनों में मौसम अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है।
Comments (0)