अरब सागर में बने चक्रवाती परिसंचरण और बंगाल की खाड़ी में सक्रिय निम्न दबाव क्षेत्र के असर से मध्यप्रदेश के मौसम में बदलाव देखा जा रहा है। मंगलवार को प्रदेश के दक्षिणी क्षेत्रों में दिनभर बादलों की आवाजाही बनी रही, जिसके कारण मंडला सहित कुछ इलाकों में हल्की बूंदाबांदी दर्ज की गई।
कुछ हिस्सों में हल्की वर्षा हुई
बीते 24 घंटों में प्रदेश के कुछ हिस्सों में हल्की वर्षा हुई। रीवा में 7.0 मिमी, मंडला में 0.7 मिमी और जबलपुर में 0.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। बादलों की मौजूदगी के बावजूद दिन के तापमान में वृद्धि दर्ज की गई। मंगलवार को नर्मदापुरम 34.2 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे गर्म रहा, जबकि खंडवा और खरगोन में भी तापमान 34 डिग्री सेल्सियस से अधिक दर्ज किया गया।
कई स्थानों पर हल्की बारिश के आसार
मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी और उत्तर-पूर्व अरब सागर (सौराष्ट्र-कच्छ क्षेत्र) के आसपास चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इसके अलावा दक्षिण आंतरिक कर्नाटक से मराठवाड़ा तक एक ट्रफ लाइन बनी हुई है, जो मौसम को प्रभावित कर रही है।
27 फरवरी से एक नया पश्चिमी विक्षोभ हिमालयी क्षेत्रों में सक्रिय होगा, जिससे प्रदेश के मौसम में फिर से परिवर्तन संभव है। फिलहाल अन्य संभागों में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। अगले 24 घंटों में दक्षिणी मध्यप्रदेश में दोपहर बाद आंशिक रूप से बादल छाने और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है।
Comments (0)