मध्यप्रदेश में मौसम एक बार फिर करवट ले रहा है। मौसम विभाग के ताजा अनुमान के मुताबिक प्रदेश के कई जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है। कुछ जिलों में आकाशीय बिजली गिरने और 30–40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की चेतावनी भी जारी की गई है। मौसम में अचानक बदलाव के पीछे बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र का असर बताया जा रहा है।
इन जिलों में बारिश और गरज-चमक के संकेत
मौसम विभाग के अनुसार बुरहानपुर, खंडवा, खरगोन, बड़वानी, अलीराजपुर, झाबुआ, धार, भिंड, मुरैना, श्योपुर, सिंगरौली, सीधी, रीवा, सतना, शहडोल, उमरिया, डिंडोरी, सिवनी, मंडला, बालाघाट, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी और मैहर जिलों में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है।
तेज हवाएं और बिजली गिरने की चेतावनी
अनूपपुर, डिंडोरी, सिवनी, मंडला और बालाघाट जिलों में गरज-चमक के साथ 30–40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं की संभावना जताई गई है। वहीं कई जिलों में आकाशीय बिजली गिरने का खतरा भी है।
प्रदेश में तापमान की स्थिति
पिछले 24 घंटों में प्रदेश के कुछ संभागों में अधिकतम तापमान में 2–3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि दर्ज की गई, जबकि न्यूनतम तापमान में कोई विशेष बदलाव नहीं हुआ। पचमढ़ी में न्यूनतम तापमान 11.2°C और बड़वानी के तालुन में अधिकतम तापमान 33.9°C रिकॉर्ड हुआ।
मौसम क्यों बदल रहा है
दक्षिण-पश्चिम एवं मध्य बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव क्षेत्र, विभिन्न ट्रफ रेखाएं और पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता मौसम में बदलाव का मुख्य कारण हैं। अगले 24 घंटों में यह सिस्टम उत्तर-पूर्व दिशा की ओर बढ़ते हुए कमजोर हो सकता है।
Comments (0)