उज्जैन स्थित श्री महाकालेश्वर मंदिर की दर्शन व्यवस्था में एक बार फिर बदलाव किया गया है। अब मंदिर में संध्या आरती और शयन आरती के लिए ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा शुरू कर दी गई है। श्रद्धालु अधिकृत वेबसाइट के माध्यम से ₹250 शुल्क देकर अपना स्लॉट आरक्षित कर सकेंगे।
संध्या आरती की बुकिंग दोपहर 12 बजे से प्रारंभ होगी, जबकि शयन आरती के लिए बुकिंग शाम 4 बजे से शुरू की जाएगी। मंदिर समिति के अनुसार यह नई व्यवस्था पारदर्शिता बढ़ाने और श्रद्धालुओं को अधिक सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से लागू की गई है। श्री महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति ने डिजिटलाइजेशन की दिशा में यह महत्वपूर्ण कदम उठाया है। अब दोनों आरतियों की बुकिंग केवल मंदिर की आधिकारिक वेबसाइट www.shrimahakaleshwar.mp.gov.in के माध्यम से ही की जा सकेगी।
बुकिंग ‘प्रथम आओ, प्रथम पाओ’ (फर्स्ट कम, फर्स्ट सर्व) के आधार पर होगी। संध्या और शयन आरती के लिए प्रवेश द्वार क्रमांक 1 निर्धारित किया गया है। संध्या आरती के लिए प्रवेश का अंतिम समय शाम 6:00 बजे और शयन आरती के लिए रात 10:00 बजे तय किया गया है। मंदिर समिति का कहना है कि इस डिजिटल व्यवस्था से प्रबंधन अधिक सुव्यवस्थित होगा और श्रद्धालुओं को बेहतर अनुभव मिलेगा।
Comments (0)