मध्य प्रदेश की ऐतिहासिक नगरी महेश्वर एक बार फिर खेल जगत के मानचित्र पर प्रमुखता से उभरने जा रही है। भारतीय कयाकिंग एवं कैनोइंग संघ के तत्वावधान में 13वीं सीनियर एवं 12वीं जूनियर राष्ट्रीय कैनो स्लालम प्रतियोगिता के साथ एशियन गेम्स के लिए चयन ट्रायल का आयोजन 12 से 15 जनवरी 2026 तक नर्मदा नदी के तट पर किया जा रहा है। यह आयोजन न केवल प्रतिस्पर्धात्मक खेल का मंच बनेगा, बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर की तैयारियों की दिशा में भी अहम भूमिका निभाएगा।
देशभर के शीर्ष खिलाड़ियों की होगी भागीदारी
इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से सीनियर और जूनियर वर्ग के शीर्ष खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। एशियन चैंपियनशिप और आगामी अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए खिलाड़ियों का चयन भी इसी आयोजन के दौरान किया जाएगा, जिससे प्रतियोगिता का महत्व और बढ़ गया है। खिलाड़ियों के लिए यह अवसर राष्ट्रीय मंच से अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का सशक्त माध्यम साबित होगा।
2016 से विकसित होता नेचुरल वाटर स्पोर्ट्स हब
महेश्वर में वर्ष 2016 से प्रत्येक तीन वर्ष के अंतराल में कैनो स्लालम प्रतियोगिताओं का आयोजन लगातार किया जा रहा है। मध्य प्रदेश सरकार, खेल एवं युवा कल्याण विभाग और जिला प्रशासन के सहयोग से नर्मदा नदी का यह क्षेत्र आज एक विकसित नेचुरल वाटर कैनो स्लालम स्पॉट के रूप में स्थापित हो चुका है। प्राकृतिक जलधारा में तैयार किया गया यह स्पोर्ट्स हब देश में अपनी तरह का विशिष्ट केंद्र माना जाता है।
महेश्वर से निकलीं राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय उपलब्धिया
महेश्वर में प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके लगभग 30 से 40 खिलाड़ी अब तक विक्रम अवार्ड, राष्ट्रीय खेल पुरस्कार और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीत चुके हैं। कई खिलाड़ी विदेशों में उच्चस्तरीय प्रशिक्षण और शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं, जबकि अनेक युवाओं को खेल के माध्यम से रोजगार के अवसर भी मिले हैं। यह इस नेचुरल स्पोर्ट्स मॉडल की सफलता को दर्शाता है।
सहस्त्रधारा में राष्ट्रीय चयन ट्रायल का रोमांच
नर्मदा नदी की सहस्त्रधारा में आयोजित इस ट्रायल में देश के 13 राज्यों और सर्विसेज (आर्मी) से आए 80 से अधिक खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। यह आयोजन मध्य प्रदेश को नेचुरल वाटर कैनो स्लालम के राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में एक निर्णायक कदम माना जा रहा है।
अंतरराष्ट्रीय मानकों का तकनीकी कोर्स
खिलाड़ियों के लिए 200 मीटर लंबा विशेष कैनो स्लालम कोर्स तैयार किया गया है, जिसमें कुल 20 गेट लगाए गए हैं। इनमें 6 अप-स्ट्रीम और 14 डाउन-स्ट्रीम गेट शामिल हैं। यह कोर्स पूरी तरह एशियन चैंपियनशिप के तकनीकी मानकों के अनुरूप है, जिससे खिलाड़ियों को वास्तविक अंतरराष्ट्रीय प्रतिस्पर्धा जैसा अनुभव मिल रहा है और उनकी तैयारी को नई धार मिलती है।
Comments (0)