मध्यप्रदेश सरकार की कैबिनेट बैठक आगामी 2 मार्च को आदिवासी अंचल बड़वानी में आयोजित की जाएगी। मुख्यमंत्री के नेतृत्व में होने वाली इस बैठक में आदिवासी क्षेत्रों और वर्ग से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर निर्णय लिए जाने की संभावना है। बैठक सुबह 11:30 बजे से शुरू होगी। अब तक कैबिनेट बैठकें राजधानी स्थित मंत्रालय में होती रही हैं, लेकिन मुख्यमंत्री बनने के बाद डॉ. मोहन यादव ने वर्षों पुरानी परंपरा में बदलाव करते हुए प्रदेश के अलग-अलग शहरों में कैबिनेट बैठकों का आयोजन शुरू किया है। इस नई पहल को ‘डेस्टिनेशन कैबिनेट’ नाम दिया गया है।
छठवीं डेस्टिनेशन कैबिनेट होगी बड़वानी में
बड़वानी में होने वाली यह बैठक प्रदेश सरकार की छठवीं डेस्टिनेशन कैबिनेट बैठक होगी। इससे पहले जबलपुर के भेड़ाघाट, रानी दुर्गावती की 500वीं जयंती पर सिंग्रामपुर, महेश्वर, इंदौर के राजवाड़ा और पचमढ़ी में कैबिनेट बैठकें आयोजित की जा चुकी हैं।
नागलवाड़ी में तय किया गया आयोजन स्थल
कैबिनेट बैठक का आयोजन नागलवाड़ी में किया जाएगा। इसके साथ ही मुख्यमंत्री के जुलवानिया के प्रसिद्ध पारंपरिक भगोरिया हाट में शामिल होने की भी संभावना है। इसके बाद मुख्यमंत्री धार दौरे पर जा सकते हैं।
प्रशासन तैयारियों में जुटा
जिले का प्रशासन कैबिनेट बैठक की तैयारियों में जुट गया है। कलेक्टर जयति सिंह ने सुरक्षा व्यवस्था, पार्किंग, मंच और वीआईपी व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए हैं। प्रशासन के अनुसार बैठक को लेकर सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी की जाएंगी।
Comments (0)