मालवा क्षेत्र की अनुकूल भौगोलिक स्थिति और मजबूत अधोसंरचना के कारण मध्यप्रदेश में औद्योगिक विकास को नई गति मिल रही है। डॉ. मोहन यादव ने कहा कि राज्य सरकार प्रदेश को औद्योगिक और उभरते क्षेत्रों में नई ऊँचाइयों तक ले जाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री रविवार को इंदौर में आयोजित पीथमपुर इंडस्ट्रियल कॉन्क्लेव एवं पुस्तक विमोचन समारोह को संबोधित कर रहे थे।
मालवा का औद्योगिक विकास में विशिष्ट महत्व
मुख्यमंत्री ने कहा कि मालवा क्षेत्र की अनुकूल जलवायु और भौगोलिक स्थिति उद्योगों के लिए अत्यंत उपयुक्त है। दिल्ली और मुंबई जैसे महानगरों तक 8-लेन एक्सप्रेस-वे से दूरी कम होने से परिवहन और लॉजिस्टिक्स सुविधाएं मजबूत हुई हैं। प्रदेश सरकार नए प्रोजेक्ट्स के माध्यम से आधारभूत संरचना को और सुदृढ़ कर रही है।
प्रधानमंत्री के नेतृत्व में बढ़ रहा उद्योग और व्यापार
मुख्यमंत्री ने कहा कि नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश में उद्योग, महिला, किसान और गरीब—हर वर्ग के विकास की बयार बह रही है। वैश्विक संगठनों के साथ व्यापारिक समझौते और नई ट्रेड डील्स के माध्यम से भारत लगातार प्रगति कर रहा है और विश्व पटल पर अपनी पहचान मजबूत कर रहा है।
मध्यप्रदेश में औद्योगिक विकास को प्राथमिकता
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में मध्यप्रदेश में उद्योगों को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है। औद्योगिक विकास की अवधारणा केवल पीथमपुर तक सीमित न रहकर पूरे प्रदेश में नए आयाम स्थापित करेगी। सरकार प्रदेश को औद्योगिक क्षेत्र में नई ऊँचाइयों तक पहुंचाने और अंतरिक्ष जैसे उभरते क्षेत्रों में संभावनाओं को साकार करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश औद्योगिक विकास निगम (MPIDC) के माध्यम से इंडस्ट्रियल बेल्ट के समग्र विकास के प्रयास प्रदेश को नई उपलब्धियां दिलाएंगे और मध्यप्रदेश को उद्योगों के लिए फ्रेंडली राज्य बनाएंगे।
पीथमपुर की 40 वर्षों की औद्योगिक यात्रा का सम्मान
मुख्यमंत्री ने कहा कि डॉ. गौतम कोठारी ने साहित्य के माध्यम से पीथमपुर की 40 वर्षों की औद्योगिक यात्रा को जीवंत रूप में प्रस्तुत किया है। 1983-84 के दौर में मूलभूत सुविधाओं के अभाव के बावजूद पीथमपुर की औद्योगिक बेल्ट ने संघर्ष और नवाचार से अपनी पहचान बनाई। आज फार्मास्युटिकल से लेकर ऑटोमोबाइल तक हर क्षेत्र में पीथमपुर ने विशिष्ट स्थान हासिल किया है। मुख्यमंत्री ने चार्टर्ड अकाउंटेंसी क्षेत्र में समर्पित Institute of Chartered Accountants of India (ICAI) भवन की स्थापना की सराहना करते हुए कहा कि यह वित्तीय अनुशासन और पारदर्शिता को मजबूती देगा।
स्मारक ग्रंथ का विमोचन
मुख्यमंत्री ने पीथमपुर औद्योगिक क्षेत्र की 40 वर्षों की विकास यात्रा पर आधारित पीथमपुर औद्योगिक संगठन के अध्यक्ष डॉ. गौतम कोठारी द्वारा लिखित स्मारक ग्रंथ “Pithampur: Zero to Zenith – A Journey of 40 Years” का विमोचन किया। यह ग्रंथ पीथमपुर के औद्योगिक उत्कर्ष और विकास की विस्तृत कहानी प्रस्तुत करता है।
मुख्यमंत्री का सम्मान और औद्योगिक उत्कृष्टता पुरस्कार
पीथमपुर औद्योगिक संगठन द्वारा मुख्यमंत्री का शॉल, श्रीफल और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया। कार्यक्रम में “एंकर्स ऑफ इंडस्ट्रियल एक्सीलेंस” सम्मान भी प्रदान किया गया, जिसमें 1980 से 1990 के बीच औद्योगिक नगरी की नींव रखने वाले 40 अग्रणी उद्योगपतियों को सम्मानित किया गया।
औद्योगिक विकास गान का प्रदर्शन
कार्यक्रम के दौरान मध्यप्रदेश के औद्योगिक विकास पर आधारित प्रेरक गान का औपचारिक प्रदर्शन किया गया, जिसका निर्माण डॉ. गौतम कोठारी ने किया है। इस अवसर पर केंद्रीय राज्यमंत्री महिला एवं बाल विकास विभाग सावित्री ठाकुर, जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, सांसद इंदौर शंकर लालवानी, महापौर पुष्यमित्र भार्गव सहित उद्योग जगत, निवेशकों और गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही।
Comments (0)