मध्यप्रदेश में जल्द ही बड़ी प्रशासनिक सर्जरी देखने को मिल सकती है। सूत्रों के अनुसार पहले चरण में राजधानी समेत करीब 12 जिलों के कलेक्टरों के तबादले किए जा सकते हैं। लंबे समय से इस बहुप्रतीक्षित फेरबदल को लेकर प्रशासनिक हलकों में चर्चाएं तेज हैं।
बताया जा रहा है कि भोपाल कलेक्टर विक्रम कौशलेंद्र सिंह को नई और बड़ी जिम्मेदारी मिल सकती है। उनकी जगह आईएएस प्रियंक मिश्रा का नाम चर्चा में है, जिन्होंने बसंत पंचमी के दौरान उत्पन्न तनाव को शांतिपूर्ण तरीके से संभालकर प्रशासनिक क्षमता का परिचय दिया था। हालांकि इन नामों पर अभी अंतिम फैसला नहीं हुआ है।
इन जिलों के कलेक्टरों को मंत्रालय बुलाने की चर्चा
सूत्रों के मुताबिक नर्मदापुरम कलेक्टर सोनिया मीणा, बैतूल कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी, ग्वालियर कलेक्टर रूचिका चौहान, शिवपुरी कलेक्टर रविंद्र कुमार चौधरी, रीवा कलेक्टर प्रतिभा पाल, इंदौर कलेक्टर शिवम वर्मा, उमरिया कलेक्टर धरणेंद्र कुमार जैन और मैहर कलेक्टर रानी बाथड को मंत्रालय में नई जिम्मेदारी दिए जाने की चर्चा है।
मुख्यमंत्री कार्यालय में भी हो सकता है बदलाव
प्रशासनिक फेरबदल के साथ मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) में भी बदलाव की संभावना जताई जा रही है। वर्तमान में यहां आलोक कुमार सिंह और इलैया राजा टी सचिव के रूप में पदस्थ हैं। सूत्रों के अनुसार इनमें से किसी एक का तबादला हो सकता है और सीएमओ में एक और सचिव की नियुक्ति भी की जा सकती है। इसके अलावा कुछ अपर मुख्य सचिव और प्रमुख सचिव स्तर पर भी बदलाव संभव बताए जा रहे हैं।
करीब 30 जिलों के कलेक्टर फिलहाल नहीं बदलेंगे
जानकारी के मुताबिक सरकार करीब 30 जिलों के कलेक्टरों को फिलहाल नहीं हटाएगी और उन्हें काम करने का अवसर दिया जाएगा। इनमें उज्जैन, गुना,कटनी, छिंदवाड़ा सहित कई जिलों के कलेक्टर शामिल बताए जा रहे हैं।
Comments (0)