मध्य प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र का बुधवार को आठवां दिन है। आज सदन में कई अहम मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। चुरहट से कांग्रेस विधायक एवं पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल और पोहरी विधायक कैलाश कुशवाह ध्यानाकर्षण प्रस्ताव के माध्यम से प्रदेश में निराश्रित पशुओं के कारण किसानों की फसलों को हो रहे नुकसान, सड़कों पर यातायात प्रभावित होने और बढ़ते सड़क हादसों का मुद्दा उठाएंगे।
फायर सेफ्टी कानून
वहीं जबलपुर उत्तर-पूर्व से भाजपा विधायक अभिलाष पांडेय प्रदेश में बढ़ती आगजनी की घटनाओं पर नियंत्रण के लिए प्रभावी फायर सेफ्टी कानून और नियमित फायर ऑडिट की व्यवस्था न होने का मामला सदन में रखेंगे।
इसके अलावा विधानसभा में पूर्व केंद्रीय मंत्री मुकुल राय और मध्य प्रदेश के पूर्व राज्यमंत्री तेजीराम सरयाम को श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। मंगलवार को बजट सत्र के सातवें दिन मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सदन को जानकारी दी कि मालवा अंचल के जनजातीय इलाकों में मनाए जाने वाले पारंपरिक भगोरिया लोकपर्व को राज्य सरकार ने राष्ट्रीय पर्व के रूप में मनाने का निर्णय लिया है।
Comments (0)