मध्यप्रदेश में बदलते राजनीतिक समीकरणों को साधने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी ने अपने अनुसूचित जाति (SC) मोर्चा की नई प्रदेश कार्यकारिणी की घोषणा कर दी है। मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष भगवान सिंह परमार ने बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल की सहमति के बाद पदाधिकारियों की सूची जारी की। नई टीम के गठन में क्षेत्रीय और जातीय संतुलन का विशेष ध्यान रखा गया है। बसपा से भाजपा में आए पूर्व विधायक सत्यप्रकाश सखवार को प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया है। इस कार्यकारिणी में 8 उपाध्यक्ष और 3 महामंत्री नियुक्त किए गए हैं।
पूर्व विधायक सखवार को मिली उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी
नई सूची में सबसे प्रमुख नाम सत्यप्रकाश सखवार का है। सखवार मुरैना जिले की अंबाह विधानसभा सीट से बसपा के विधायक रह चुके हैं। उन्होंने बसपा के बाद कांग्रेस का दामन थामा और 2023 विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा में शामिल हो गए थे। अब उन्हें भाजपा एससी मोर्चा का प्रदेश उपाध्यक्ष बनाया गया है। पार्टी को उम्मीद है कि ग्वालियर-चंबल संभाग में उनके अनुभव का लाभ मिलेगा।
8 उपाध्यक्ष और 3 महामंत्रियों की नियुक्ति
संगठनात्मक संतुलन को ध्यान में रखते हुए 8 प्रदेश उपाध्यक्ष बनाए गए हैं। इनमें मोहिनी शाक्यवार (कोली-कोरी समाज की पूर्व अध्यक्ष), गगन खटीक, धर्मेंद्र आर्य, सत्यनारायण खोईवाल, भगवती प्रसाद शिंदे, प्रवीण मेश्राम और अमित कछवाह प्रमुख हैं।वहीं, प्रदेश महामंत्री पद पर गनपत डाबी, रामस्वरूप शुक्रवारे और कृष्णा चौधरी को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
Comments (0)