मध्यप्रदेश के वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा ने बुधवार को डॉ. मोहन यादव सरकार का 4 लाख 38 हजार 317 करोड़ का तीसरा बजट पेश किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की भी पेश हुए बजट पर प्रतिक्रिया सामने आई है। सीएम ने कहा कि, प्रदेश सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में तेज़ गति से आगे बढ़ रही है। प्रदेश विकास की नई रफ्तार पकड़ चुका है। उन्होंने कहा कि बजट 'GYAN' पर आधारित है। इसमें 'I' यानी इंडस्ट्री को जोड़कर इसे विकास और ज्ञान आधारित अर्थव्यवस्था की दिशा में आगे बढ़ाने का प्रयास किया है।
ये सिर्फ एक साल का बजट नहीं, बल्कि उसके आगे के दो वर्षों के विकास की रूपरेखा तय करने वाला बजट भी है। उन्होंने कहा कि, ये बजट 'समृद्ध मध्य प्रदेश, सुखद मध्य प्रदेश, संपन्न मध्य प्रदेश और संस्कृतिमय मध्य प्रदेश' के ध्येय वाक्य को साकार करने वाला है।
देश का पहला रोलिंग बजट
सीएम ने कहा कि, ये देश का पहला रोलिंग बजट है, जिसमें 2 वर्षों का खाका प्रस्तुत किया गया है। इस साल को कृषि को समर्पित किया गया है। किसान कल्याण के लिए 1 लाख 15 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि का प्रावधान किया गया है।
30% ग्रोथ रेट के साथ बढ़ रहा राज्य
सीएम ने कहा कि राज्य 30 फीसदी ग्रोथ रेट के साथ आगे बढ़ रहा है। पूंजीगत व्यय में बेहतर प्रबंधन किया गया है और एक रुपये का भी टैक्स नहीं बढ़ाया गया है। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश देश का तीसरा सबसे युवा प्रदेश है। प्रदेश में पर्यटन को भी नई ऊंचाइयां मिल रही हैं धार्मिक पर्यटन को विशेष रूप से बढ़ावा दिया जा रहा है।