मध्यप्रदेश सरकार की मंगलवार, 17 मार्च को हुई कैबिनेट बैठक में कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए। बैठक की अध्यक्षता मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने की।
एमएसएमई मंत्री ने बताया कि केंद्र से थांदला के पास बदनावर-टिमरनी फोरलेन को दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे से जोड़ने की मंजूरी मिली है। इस परियोजना पर 3,839 करोड़ रुपए खर्च होंगे और इसे 2027 तक, सिंहस्थ से पहले पूरा किया जाना है। लोक निर्माण विभाग के अन्य कामों को भी निरंतरता दी गई है, जिन पर 4,525 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे।
सिंहस्थ 2028 के लिए 5.5 किमी लंबा टू-लेन रोड
सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के तहत उज्जैन में चिमनगंज मंडी चौराहा से इंदौर रोड तक एलिवेटेड टू-लेन रोड का निर्माण किया जाएगा। इस पर 945 करोड़ रुपए की लागत आएगी। यह साढ़े पांच किलोमीटर लंबा टू-लेन सिंहस्थ के दौरान क्राउड मैनेजमेंट के लिए मुख्य मार्ग के रूप में उपयोग किया जाएगा।
पनवार माइक्रो सिंचाई परियोजना से 92% सिंचित रकबा
रीवा जिले की पनवार माइक्रो सिंचाई परियोजना को भी मंजूरी दी गई है। 7,530 हेक्टेयर क्षेत्र में 37 गांवों के किसानों को लाभ मिलेगा। इस परियोजना की लागत 228 करोड़ रुपए होगी और इससे उपलब्ध सिंचित कृषि भूमि 92 प्रतिशत तक पहुंच जाएगी।
Comments (0)