भोपाल। मध्य प्रदेश में प्रशासनिक सख्ती का बड़ा संकेत देते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर राजधानी भोपाल स्थित वल्लभ भवन में आज छापामार कार्रवाई की गई। यह कार्रवाई अधिकारियों और कर्मचारियों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से की गई है।
जानकारी के अनुसार, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और मुख्य सचिव आज भोपाल से बाहर दौरे पर हैं, इसके बावजूद मुख्यमंत्री सचिवालय और सामान्य प्रशासन विभाग को सुबह 10 बजे से वल्लभ भवन, विंध्याचल भवन और सतपुड़ा भवन—तीनों कार्यालयों में उपस्थिति की विस्तृत जांच के निर्देश दिए गए।
उपस्थिति और समय पालन की होगी समीक्षा
सामान्य प्रशासन विभाग की ओर से विशेष टीमों का गठन कर उन्हें अलग-अलग भवनों में तैनात किया गया है। ये टीमें अधिकारियों और कर्मचारियों के कार्यालय आने-जाने का समय, उपस्थिति रजिस्टर और अनधिकृत अनुपस्थिति की जानकारी संकलित कर रही हैं। वरिष्ठ अधिकारियों को भी इस कार्रवाई की सूचना दे दी गई है।
प्रशासनिक व्यवस्था में सुधार की पहल
सरकार का उद्देश्य प्रशासनिक कार्यप्रणाली में अनुशासन और जवाबदेही सुनिश्चित करना बताया जा रहा है। लंबे समय से सरकारी दफ्तरों में समय पालन को लेकर सवाल उठते रहे हैं। ऐसे में यह कार्रवाई स्पष्ट संदेश देती है कि सरकार लापरवाही को लेकर सख्त रुख अपनाने के मूड में है। फिलहाल जांच प्रक्रिया जारी है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।
Comments (0)