भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की मध्यप्रदेश इकाई ने संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से बड़ा विस्तार किया है। पार्टी ने जबलपुर ग्रामीण, श्योपुर जिला, कटनी शहर और बड़वानी जिले की नई जिला कार्यकारिणी की घोषणा कर दी है। इसके साथ ही अन्य पदों पर भी नियुक्तियां की गई हैं। यह नियुक्तियां प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देश पर की गई हैं।
AICC की गाइडलाइन के तहत गठन
ऑल इंडिया कांग्रेस कमेटी (AICC) की नई गाइडलाइन के अनुसार जिला कार्यकारिणी का गठन किया गया है। AICC ने सभी राज्यों को निर्देश जारी किए हैं कि:
- बड़े जिलों में जिला कार्यकारिणी के सदस्य 51 से अधिक न हों
- छोटे जिलों में 31 से ज्यादा सदस्य शामिल न किए जाएं
- इसी निर्देश के अनुरूप मध्यप्रदेश में नई कार्यकारिणी का गठन किया गया है।
मार्च में गठन के निर्देश
प्रदेश कांग्रेस ने जिला अध्यक्षों को मार्च माह के भीतर जिला कार्यकारिणी गठित करने के निर्देश दिए थे। उसी क्रम में 4 जिलों की कार्यकारिणी की घोषणा कर दी गई है।
नगर और मंडल स्तर पर भी नियुक्तियां
संगठन विस्तार के तहत आज 88 नगर अध्यक्षों की नियुक्ति की गई है। साथ ही 21 मंडल अध्यक्ष भी बनाए गए हैं। पार्टी का मानना है कि इन नियुक्तियों से संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूती मिलेगी और आगामी चुनावों को ध्यान में रखते हुए बेहतर तालमेल स्थापित होगा।
Comments (0)