क्लाइमेट पार्लियामेंट द्वारा सामुदायिक ग्रीन एनर्जी जोन (सीजीईजेड) के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर एक महत्वपूर्ण गोलमेज बैठक का आज आयोजन किया जा रहा है। यह बैठक सायं 7:00 बजे से 9:00 बजे तक ताज लेकफ्रंट,भोपाल में आयोजित होगी। गोलमेज बैठक में प्रदेश के नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री विशेष रूप से शामिल होंगे। बैठक में विधायकगण, विभागीय अधिकारी, ऊर्जा विशेषज्ञ, नीति-निर्माता एवं अन्य हितधारक भाग लेंगे।
सामुदायिक ग्रीन एनर्जी जोन पर केंद्रित चर्चा
बैठक का मुख्य उद्देश्य राज्य एवं राष्ट्रीय जलवायु लक्ष्यों की प्राप्ति, ऊर्जा सुरक्षा को सुदृढ़ करना तथा स्थानीय स्तर पर स्वच्छ और सतत ऊर्जा को बढ़ावा देना है। सामुदायिक ग्रीन एनर्जी जोन की अवधारणा के तहत प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में समुदाय-आधारित, विकेन्द्रीकृत एवं सतत ऊर्जा समाधानों को लागू करने पर विचार किया जाएगा। इससे स्थानीय स्तर पर रोजगार सृजन, आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा और आत्मनिर्भर, हरित एवं जलवायु-उत्तरदायी क्षेत्रों के विकास की दिशा में ठोस पहल सुनिश्चित हो सकेगी।
जाम्बिया मॉडल पर प्रस्तुति
गोलमेज बैठक में जाम्बिया की प्रेसिडेंशियल सोलर कन्स्टिट्युएंसी इनिशिएटिव (पीएससीआई) पर एक वीडियो प्रेजेंटेशन भी प्रस्तुत किया जाएगा। इस पहल के माध्यम से जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी से सौर ऊर्जा विस्तार का सफल मॉडल सामने आया है। इसी तर्ज पर मध्यप्रदेश में भी विधायकों की सहभागिता के साथ सीजीईजेड के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु सहभागी रोडमैप तैयार करने पर चर्चा होगी।
हरित विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल
यह गोलमेज बैठक मध्यप्रदेश में स्वच्छ ऊर्जा, स्थानीय आत्मनिर्भरता और सतत विकास को नई दिशा देने की एक महत्वपूर्ण पहल है। जनप्रतिनिधियों, विशेषज्ञों और प्रशासनिक अधिकारियों के संयुक्त प्रयासों से सीजीईजेड मॉडल राज्य में हरित विकास के नए आयाम स्थापित करने में मील का पत्थर साबित हो सकता है।
Comments (0)