होली के अवसर पर इस बार सरकारी कर्मचारियों के लिए राहत भरी खबर आई है। ग्वालियर जिले में कर्मचारियों को अब लगातार तीन दिन का अवकाश मिलेगा। 3 और 4 मार्च की छुट्टियां पहले से तय थीं, वहीं कलेक्टर रुचिका चौहान ने 5 मार्च (भाई दूज) को भी स्थानीय अवकाश घोषित कर दिया है। इससे कर्मचारियों को तीन दिन की लगातार छुट्टी का लाभ मिलेगा।
कलेक्टर ने घोषित किया स्थानीय अवकाश
राज्य शासन द्वारा 4 मार्च को निगोशिएबल इंस्ट्रूमेंट एक्ट-1881 के तहत सार्वजनिक एवं सामान्य अवकाश घोषित किया गया है।
इससे पहले राज्य शासन ने होली के पर्व पर 3 मार्च को सार्वजनिक अवकाश घोषित किया था। वहीं, कलेक्टर रुचिका चौहान ने 4 मार्च को परंपरागत रूप से होली मनाए जाने की आवश्यकता को देखते हुए स्थानीय अवकाश घोषित किया था। चूंकि राज्य शासन ने भी 4 मार्च को सार्वजनिक अवकाश घोषित कर दिया, इसलिए कलेक्टर ने जिले में 5 मार्च (भाई दूज) को स्थानीय अवकाश घोषित करने का निर्णय लिया।
होली पर दो दिन का सरकारी अवकाश
मध्य प्रदेश में होली के मौके पर 3 और 4 मार्च को दो दिन का सरकारी अवकाश घोषित किया गया है। 3 मार्च की छुट्टी पहले से निर्धारित थी, जबकि बाद में 4 मार्च को भी अवकाश घोषित किया गया। इस निर्णय का लाभ राज्य के लगभग 10 लाख से अधिक शासकीय, संविदा और आउटसोर्स कर्मचारियों को मिलेगा।
Comments (0)