मध्यप्रदेश के मौसम में इन दिनों भारी उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहे हैं। ओलावृष्टि और बेमौसम बारिश के कुछ दिनों बाद अब प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में धूप तेज होने लगी है। बुधवार को राजधानी भोपाल और आर्थिक राजधानी इंदौर समेत प्रदेश के 28 जिलों में दिन का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के ऊपर दर्ज किया गया। मौसम विभाग के मुताबिक, फिलहाल कोई सिस्टम सक्रिय नहीं है, जिससे गर्मी बढ़ गई है, लेकिन यह स्थिति ज्यादा दिनों तक नहीं रहेगी क्योंकि 2 मार्च से नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने वाला है।
एमपी में 28 जिलों में पारा 30°C के पार
मध्यप्रदेश में फरवरी का मौसम इस साल काफी अस्थिर रहा। महीने के अंतिम दिनों में लोगों को गर्मी का एहसास होने लगा है। ओले, आंधी और बारिश के दौर के बाद आसमान साफ होने से सूरज की तपिश बढ़ गई।
बुधवार को प्रदेश के प्रमुख शहरों में तापमान बढ़ गया। भोपाल, इंदौर, ग्वालियर और जबलपुर जैसे महानगरों में दिन का तापमान 30 डिग्री के ऊपर पहुंच गया। सबसे अधिक गर्मी निमाड़ क्षेत्र में रही, जहां खंडवा और खरगोन में पारा 34 डिग्री सेल्सियस के पार गया। उज्जैन में भी 33.5 डिग्री दर्ज किया गया, जिससे दिन में लोगों को गर्मी महसूस हुई।
रात में अभी भी ठंड
दिन में तेज धूप होने के बावजूद प्रदेश के कई हिस्सों में रातें अभी भी ठंडी हैं। कटनी के करौंदी और शहडोल के कल्याणपुर में न्यूनतम तापमान करीब 9 डिग्री रहा। वहीं, नर्मदापुरम में रात का तापमान सबसे अधिक 18.2 डिग्री दर्ज किया गया।
Comments (0)