होली पर्व को लेकर सामान्य अवकाश की तिथि में बदलाव की मांग सामने आई है। कर्मचारी संघ ने मध्यप्रदेश शासन के सामान्य प्रशासन विभाग के अपर मुख्य सचिव को पत्र लिखकर 3 मार्च 2026 को घोषित अवकाश को बदलकर 4 मार्च 2026 करने का अनुरोध किया है।
ज्योतिषीय गणना के अनुसार 4 मार्च को रंगोत्सव
संघ के पत्र में बताया गया है कि राज्य सरकार द्वारा जारी अवकाश सूची में 3 मार्च को होली का सामान्य अवकाश घोषित किया गया है। हालांकि विभिन्न ज्योतिषीय गणनाओं और चंद्र ग्रहण के अनुसार 3 मार्च को होलिका दहन और 4 मार्च 2026 को रंगोत्सव (धुलेंडी) मनाया जाएगा। ऐसे में यदि 4 मार्च को सरकारी कार्यालय खुले रहेंगे, तो कर्मचारियों के लिए होली का मुख्य पर्व अपने परिवार के साथ मनाना मुश्किल हो सकता है।
कर्मचारियों को होगी व्यावहारिक परेशानी
संघ ने तर्क दिया है कि रंगोत्सव के दिन शहरों में व्यापक रूप से होली खेली जाती है। ऐसे में कर्मचारियों का समय पर कार्यालय पहुंचना व्यावहारिक रूप से चुनौतीपूर्ण होगा। इससे न केवल कर्मचारियों की पारिवारिक खुशियां प्रभावित होंगी, बल्कि प्रशासनिक कार्यों में भी बाधा आ सकती है।
शासन से सकारात्मक निर्णय की अपेक्षा
कर्मचारी संघ ने मांग की है कि 3 मार्च 2026 को घोषित सामान्य अवकाश को बदलकर 4 मार्च 2026 किया जाए, ताकि कर्मचारी वर्ग होली जैसे प्रमुख पर्व को अपने परिवार के साथ हर्षोल्लासपूर्वक मना सके और प्रशासनिक कार्य भी सुचारू रूप से चल सके। अब यह देखना होगा कि शासन इस मांग पर क्या निर्णय लेता है और क्या अवकाश की तिथि में संशोधन किया जाता है।
Comments (0)