सर्वाइकल कैंसर भारत में महिलाओं के बीच दूसरा सबसे घातक कैंसर माना जाता है। इस गंभीर बीमारी से बचाव के उद्देश्य से भारत सरकार शनिवार से देशव्यापी एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) टीकाकरण अभियान की शुरुआत कर रही है। इस अभियान का राष्ट्रीय स्तर पर शुभारंभ प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी राजस्थान के अजमेर जिले से करेंगे।
यह अभियान आगामी तीन महीनों तक पूरे देश में चलाया जाएगा। मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव वर्चुअल माध्यम से राज्य स्तरीय कार्यक्रम का शुभारंभ करेंगे। वहीं उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल डॉ. कैलाशनाथ काटजू अस्पताल भोपाल में अभियान का शुभारंभ करेंगे।
टीकाकरण के लिए पात्रता और मानदंड
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, अभियान के तहत 14 वर्ष पूर्ण कर चुकी और 15 वर्ष से कम आयु की बालिकाएं टीका लगवाने के लिए पात्र होंगी। इसके अतिरिक्त, अभियान शुरू होने के 90 दिनों के भीतर 15 वर्ष की आयु पूर्ण करने वाली बालिकाओं को भी पात्रता दी जाएगी।
टीकाकरण पूरी तरह स्वैच्छिक होगा और इसके लिए अभिभावक की सहमति आवश्यक रहेगी। निर्धारित प्रोटोकॉल के तहत 0.5 मि.ली. की एकल खुराक इंट्रामस्कुलर इंजेक्शन के माध्यम से दी जाएगी।
शासकीय स्वास्थ्य केंद्रों पर उपलब्ध होगी सुविधा
एचपीवी वैक्सीन केवल सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों—आयुष्मान आरोग्य मंदिर, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, उप स्वास्थ्य केंद्र, जिला अस्पताल और शासकीय मेडिकल कॉलेज—जहां चिकित्सा अधिकारी उपलब्ध हैं, पर ही लगाई जाएगी।
टीका लगाने के बाद बालिका को 30 मिनट तक निगरानी में रखा जाएगा। अभियान की पूरी अवधि में प्रतिदिन टीकाकरण की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
Comments (0)