मध्यप्रदेश के नगरीय निकायों में वित्तीय स्थिति सुधारने की दिशा में एक बड़ा और ऐतिहासिक कदम उठाया गया है। प्रदेश में पहली बार सभी नगरीय निकायों के लिए आधिकारिक QR कोड जारी किए गए हैं, जिसके जरिए अब नागरिक घर बैठे ही टैक्स और अन्य बकाया राशि का डिजिटल भुगतान कर सकेंगे।
25 फरवरी को सभी नगरीय निकायों में लगेंगे विशेष शिविर
राजस्व वसूली अभियान के पहले चरण में 25 फरवरी को प्रदेश के सभी नगरीय निकायों में विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों में नागरिकों को टैक्स भुगतान से जुड़ी जानकारी दी जाएगी और QR कोड के माध्यम से मौके पर ही डिजिटल भुगतान की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। शिविरों का मकसद नागरिकों को ऑनलाइन भुगतान के लिए प्रेरित करना और उन्हें डिजिटल माध्यम अपनाने में सहयोग देना है।
आयुक्त संकेत भोंडवे ने दी जानकारी
नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के आयुक्त संकेत भोंडवे ने बताया कि टैक्स वसूली में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी नगरीय निकायों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वे तय समयसीमा में लक्ष्य हासिल करें और नियमित रूप से पोर्टल पर अपनी प्रगति अपडेट करें।
डिजिटल निगरानी से बढ़ेगी पारदर्शिता
पूरी टैक्स वसूली प्रक्रिया की डिजिटल निगरानी की जाएगी, जिससे पारदर्शिता बनी रहे और राजस्व संग्रह में तेजी आए। QR कोड आधारित भुगतान प्रणाली से न केवल नागरिकों को सुविधा मिलेगी, बल्कि नगरीय निकायों की आर्थिक स्थिति भी मजबूत होगी।
Comments (0)