मध्य प्रदेश में प्रॉपर्टी खरीदने वालों के लिए बड़ी राहत भरी खबर है। राज्य के पंजीयन विभाग ने मार्च महीने में छुट्टी के दिनों में भी रजिस्ट्री कराने की विशेष व्यवस्था लागू की है। आदेश के अनुसार 3 मार्च को होली अवकाश को छोड़कर पूरे महीने के सभी शनिवार और रविवार को पंजीयन कार्यालय खुले रहेंगे। इन दिनों रजिस्ट्री की प्रक्रिया सामान्य कार्यदिवसों की तरह ही पूरी की जाएगी।
मार्च में बढ़ता है रजिस्ट्री का दबाव
विभागीय अधिकारियों के मुताबिक हर साल मार्च के अंतिम सप्ताह में रजिस्ट्री का दबाव काफी बढ़ जाता है। इस बार 1 अप्रैल से प्रॉपर्टी के गाइडलाइन रेट बदलने वाले हैं और दरों में बढ़ोतरी की संभावना जताई जा रही है। इसी कारण बड़ी संख्या में खरीदार पुराने रेट पर रजिस्ट्री कराने की तैयारी में हैं।
बढ़ती मांग को देखते हुए विभाग ने 31 मार्च तक विशेष व्यवस्था जारी रखने का निर्णय लिया है, ताकि लंबित मामलों का समय पर निपटारा हो सके और राजस्व संग्रहण में भी वृद्धि हो।
खरीदारों को मिलेगी सहूलियत
यह फैसला उन लोगों के लिए राहत लेकर आया है जो कार्यदिवसों में समय नहीं निकाल पाते थे। अब वे सप्ताहांत में भी आसानी से अपनी प्रॉपर्टी की रजिस्ट्री करा सकेंगे। पंजीयन विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि आवश्यक दस्तावेज पहले से तैयार रखें और समय पर स्लॉट बुक करें, ताकि रजिस्ट्री प्रक्रिया बिना किसी बाधा के पूरी हो सके।
Comments (0)