राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के 100 वर्षों की यात्रा पर आधारित हिंदी फिल्म ‘शतक: संघ के 100 वर्ष (2026)’ को मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार ने राज्य में मनोरंजन कर से मुक्त करने का फैसला किया है। यह घोषणा सोमवार को की गई। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि सरकार ने राष्ट्रीय सेवा, सांस्कृतिक मूल्यों और संगठनात्मक परंपराओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से फिल्म को टैक्स फ्री किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर जानकारी दी कि यह फिल्म राष्ट्रसेवा और संस्कारों की उस परंपरा को प्रभावी ढंग से दर्शाती है, जिसे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ दशकों से आगे बढ़ा रहा है।
सीएम ने कहा कि ‘शतक’ यह संदेश देती है कि संगठित विचार, सुदृढ़ चरित्र और सेवा भाव के आधार पर ही मजबूत और आत्मनिर्भर भारत का निर्माण संभव है। सरकार के इस निर्णय से प्रदेश में फिल्म को व्यापक दर्शक मिलने की संभावना जताई जा रही है।
Comments (0)