मध्यप्रदेश स्टेट बार काउंसिल चुनाव का कार्यक्रम जारी कर दिया गया है। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 12 मई 2026 को मतदान होगा, जबकि 16 जून से मतगणना शुरू की जाएगी। इस चुनाव में प्रदेश के करीब 93 हजार अधिवक्ता 26 सदस्यों के चयन के लिए मतदान करेंगे। सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर गठित उच्चाधिकार प्राप्त चुनाव समिति ने रिटायर्ड जस्टिस एस. के. पालो को चुनाव का रिटर्निंग ऑफिसर नियुक्त किया है। चुनाव प्रक्रिया के तहत 16 मार्च को प्रोविजनल मतदाता सूची जारी की जाएगी। इसके बाद अधिवक्ता 24 मार्च तक दावे और आपत्तियां दर्ज करा सकेंगे। अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 1 अप्रैल 2026 को किया जाएगा। इसके बाद 8 से 10 अप्रैल के बीच नामांकन दाखिल किए जाएंगे।
नामांकन जांच और प्रत्याशियों की अंतिम सूची
नामांकन पत्रों की जांच 15 और 16 अप्रैल को की जाएगी। वहीं उम्मीदवार 20 से 22 अप्रैल तक अपना नाम वापस ले सकेंगे। इसके बाद 22 अप्रैल शाम 5 बजे तक प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी कर दी जाएगी।
12 मई को मतदान, 16 जून से मतगणना
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 12 मई को मतदान कराया जाएगा, जबकि 16 जून से वोटों की गिनती शुरू होगी। इस चुनाव में प्रदेशभर के 93 हजार से अधिक अधिवक्ता अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे।
चुनाव में महिला आरक्षण का प्रावधान
गौरतलब है कि अक्टूबर 2025 में स्टेट बार काउंसिल का कार्यकाल समाप्त हो गया था और फिलहाल परिषद एक्सटेंशन पर चल रही है। कोर्ट के निर्देश के बाद चुनाव प्रक्रिया शुरू की गई है। इस बार चुनाव में महिला आरक्षण भी लागू किया गया है। कुल 7 पद महिलाओं के लिए आरक्षित रखे गए हैं, जिनमें से 5 पदों पर चुनाव होगा, जबकि 2 पदों पर मनोनयन किया जाएगा।
Comments (0)