मध्यप्रदेश में शिक्षक भर्ती प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, सरल और समयबद्ध बनाने के लिए स्कूल शिक्षा विभाग बड़ा बदलाव करने जा रहा है। अब शिक्षक भर्ती परीक्षा में सफल घोषित अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन पूरी तरह ऑनलाइन किया जाएगा। इस नई व्यवस्था की शुरुआत प्राथमिक और माध्यमिक शिक्षक भर्ती प्रक्रिया से की जाएगी। इसके लिए विभाग ने एजुकेशन पोर्टल-3.0 पर एक विशेष मॉड्यूल तैयार कर लिया है।
ऑनलाइन दस्तावेज अपलोड और सत्यापन
नई व्यवस्था के तहत चयनित अभ्यर्थियों को अपने शैक्षणिक प्रमाणपत्र और अन्य जरूरी दस्तावेज एजुकेशन पोर्टल-3.0 पर अपलोड करने होंगे। इसके बाद संबंधित अधिकारी पोर्टल के माध्यम से ही दस्तावेजों का सत्यापन करेंगे। इससे भर्ती प्रक्रिया अधिक सुव्यवस्थित होगी और अभ्यर्थियों को विभिन्न कार्यालयों के चक्कर लगाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।
13 हजार पदों के लिए जारी हुई मेरिट सूची
हाल ही में मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल ने प्राथमिक शिक्षक चयन परीक्षा के लगभग 13 हजार पदों के लिए मेरिट सूची जारी की है। इसके साथ ही माध्यमिक शिक्षक भर्ती की प्रक्रिया भी शुरू होने वाली है। विभाग की योजना है कि इसी महीने से पात्र अभ्यर्थियों के दस्तावेजों का सत्यापन ऑनलाइन शुरू कर दिया जाएगा, जिससे ग्रीष्मावकाश के बाद सरकारी स्कूलों में नए शिक्षक तैनात किए जा सकेंगे।
डीईओ कार्यालय में नहीं करना पड़ेगा इंतजार
अब तक अभ्यर्थियों को दस्तावेज सत्यापन के लिए संभागीय कार्यालय या जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) कार्यालय में उपस्थित होना पड़ता था। कई बार घंटों तक इंतजार करना पड़ता था, जिससे उन्हें असुविधा होती थी और कुछ मामलों में सत्यापन में गड़बड़ी की शिकायतें भी आती थीं।
ऑनलाइन प्रक्रिया का पूरा विवरण
नई प्रणाली के तहत पात्र अभ्यर्थी पोर्टल-3.0 में लॉगिन कर निर्धारित मॉड्यूल में अपने शैक्षणिक प्रमाणपत्र, पहचान पत्र और अन्य आवश्यक दस्तावेज स्कैन कर अपलोड करेंगे। विभागीय अधिकारी पोर्टल के माध्यम से इन दस्तावेजों की जांच और सत्यापन करेंगे। यदि किसी दस्तावेज में त्रुटि पाई जाती है या अतिरिक्त जानकारी की जरूरत होती है, तो अभ्यर्थियों को ऑनलाइन ही सुधार या अतिरिक्त दस्तावेज जमा करने के लिए कहा जाएगा।
सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद नियुक्ति आदेश भी ऑनलाइन जारी किए जाएंगे, जिससे शिक्षक भर्ती प्रक्रिया तेज, पारदर्शी और अभ्यर्थी-अनुकूल बन सकेगी।
Comments (0)