प्रदेश के सरकारी स्कूलों के शिक्षकों को इस साल ग्रीष्मावकाश में अवकाश नहीं मिलेगा। माध्यमिक शिक्षा मंडल (माशिमं) भोपाल ने इस दौरान 10वीं और 12वीं की द्वितीय बोर्ड परीक्षाएं आयोजित करने का निर्णय लिया है।साथ ही स्कूल शिक्षा विभाग ने शिक्षकों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम भी इसी अवधि में निर्धारित किए हैं। ऐसे में शिक्षक मई और जून महीने में पूरी तरह व्यस्त रहेंगे।
परीक्षाओं का शेड्यूल और अवकाश में कटौती
शिक्षक संगठनों ने इस निर्णय पर आपत्ति जताई है। माशिमं द्वारा 10वीं और 12वीं की द्वितीय बोर्ड परीक्षा 7 मई से आयोजित की जाएंगी।
12वीं की परीक्षा 7 मई से बायोटेक्नोलॉजी विषय से शुरू होकर 25 मई तक चलेगी।
10वीं की परीक्षा 7 मई से 19 मई तक आयोजित होगी।
5वीं और 8वीं की पुनः परीक्षाएं मई माह में होंगी।
9वीं और 11वीं की द्वितीय वार्षिक परीक्षाएं 3 जून से 13 जून तक प्रस्तावित हैं।
पूर्व वर्षों में शिक्षकों को 1 मई से 9 जून तक लगभग एक माह नौ दिन का ग्रीष्मावकाश मिलता था। इस साल पूरा एक माह का ग्रीष्मावकाश होने के बावजूद परीक्षा और प्रशिक्षण कार्यक्रमों के चलते अवकाश लगभग समाप्त हो गया है।
प्रशिक्षण और मूल्यांकन कार्यों की दोहरी जिम्मेदारी
मई माह में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम और परीक्षा मूल्यांकन कार्य के चलते शिक्षकों को अवकाश के दौरान भी स्कूल से जुड़े कार्यों में व्यस्त रहना होगा।
Comments (0)