नई दिल्ली। देश की राजधानी दिल्ली में आयोजित भारत इलेक्ट्रिसिटी समिट 2026 में मध्यप्रदेश ऊर्जा विभाग की प्रदर्शनी आकर्षण का केंद्र रही। इस दौरान प्रद्युम्न सिंह तोमर और विशेष गढ़पाले सहित बड़ी संख्या में आगंतुकों और विद्यार्थियों ने स्टॉल का अवलोकन किया।
‘हॉट सूट’ मॉडल ने खींचा सबका ध्यान
मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी के स्टॉल पर प्रदर्शित ‘हॉट सूट’ मॉडल लोगों के लिए खास आकर्षण रहा। इस मॉडल में एक पुतले को एक्स्ट्रा हाई टेंशन इंसुलेटेड सूट पहनाया गया था, जिसे देखकर दर्शकों में उत्सुकता साफ नजर आई।
ड्रोन पेट्रोलिंग और तकनीक की भी जानकारी
कंपनी के एक्जीक्यूटिव डायरेक्टर संदीप गायकवाड़ ने इस तकनीक की कार्यप्रणाली को सरल भाषा में समझाया। साथ ही ट्रांसमिशन टावरों की ड्रोन पेट्रोलिंग जैसे आधुनिक सिस्टम के बारे में भी लोगों ने विस्तार से जानकारी ली।
400KV चालू लाइन पर बिना बिजली रोके होता है काम
यह विशेष इंसुलेटेड सूट प्रशिक्षित हॉटलाइन स्टाफ को 400 केवी ट्रांसमिशन लाइनों पर बिना बिजली आपूर्ति बाधित किए मरम्मत कार्य करने की सुविधा देता है। ‘बेयर हैंड तकनीक’ के जरिए यह काम किया जाता है, जो बेहद जोखिमपूर्ण और उच्च दक्षता वाला होता है।
राजेंद्र कुशवाहा ने साझा किए अनुभव
समिट में कंपनी का प्रतिनिधित्व कर रहे लाइन स्टाफ राजेंद्र कुमार कुशवाह ने बताया कि 400KV की चालू लाइनों में खराब डिस्क बदलने जैसे जटिल कार्य भी प्रशिक्षित टीम सफलतापूर्वक करती है।
ऊर्जा मंत्री ने किया सम्मानित
ऊर्जा मंत्री प्रद्युम्न सिंह तोमर ने राजेंद्र कुशवाहा के जोखिमपूर्ण और उत्कृष्ट कार्य की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि ऐसे तकनीकी कार्य बिजली व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में अहम भूमिका निभाते हैं।
Comments (0)