मध्य प्रदेश में गर्मी के बीच मौसम ने अचानक करवट ले ली है। सक्रिय मौसम सिस्टम के चलते अगले 72 घंटे तक प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी, बारिश और ओलावृष्टि देखने को मिल सकती है।
कई जिलों में असर, तेज हवाओं की चेतावनी
बुधवार को कई इलाकों में बादल छाए रहे और कुछ जगह हल्की बारिश भी हुई। बालाघाट में करीब एक इंच बारिश दर्ज की गई। गुरुवार को भोपाल, इंदौर, ग्वालियर समेत 30 से ज्यादा जिलों में आंधी-बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। वहीं सिवनी, मंडला और बालाघाट में ओलावृष्टि की संभावना है। इस दौरान 30 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
19-20 मार्च को सबसे ज्यादा असर
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार 19 और 20 मार्च को सिस्टम का प्रभाव सबसे ज्यादा रहेगा और धीरे-धीरे यह पूरे प्रदेश को कवर करेगा। 22 मार्च के बाद मौसम साफ होने के संकेत हैं।
मार्च में पहली बार ओलों की एंट्री
इस बार मार्च में पहली बार ओले गिरने की संभावना जताई गई है। खासकर सिवनी, मंडला और बालाघाट में दो दिन तक ओलावृष्टि हो सकती है, जबकि अन्य जिलों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रहेगी।
गर्मी से राहत, फिर बढ़ेगा पारा
बदलते मौसम के कारण कई शहरों में तापमान में गिरावट आई है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली है। हालांकि, मार्च के आखिरी सप्ताह से गर्मी फिर तेज हो सकती है।
अप्रैल-मई में लू का असर
मौसम विभाग के मुताबिक, अप्रैल और मई में 15 से 20 दिन तक लू चलने का अनुमान है। हाल ही में नर्मदापुरम में तापमान 40 डिग्री के पार पहुंच चुका है। आने वाले समय में भोपाल, इंदौर और उज्जैन जैसे शहरों में भी पारा 40°C के आसपास पहुंच सकता है।
Comments (0)