प्रदेश में सोमवार को मौसम भले ही सामान्य और शुष्क रहा, लेकिन उत्तर-पश्चिम राजस्थान में बने चक्रवाती सिस्टम के असर से वातावरण में नमी बढ़ गई। कई जिलों में बादल छाए रहे और कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी भी दर्ज की गई। ग्वालियर में दोपहर करीब 12:30 बजे मौसम बदला, जबकि राजधानी भोपाल में शाम 4 बजे के बाद मौसम ने करवट ली। इस दौरान कुछ इलाकों में हल्की बारिश भी हुई, जिससे तापमान पर असर देखने को मिला।
तापमान में गिरावट और सिस्टम का प्रभाव
ग्वालियर में अधिकतम तापमान 5.6 डिग्री सेल्सियस गिरकर 29.2 डिग्री पर आ गया। वहीं रायसेन में सबसे ज्यादा 38.0 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग के अनुसार उत्तर-पश्चिम राजस्थान में सक्रिय चक्रवाती सिस्टम अब मध्य प्रदेश के उत्तरी हिस्सों की ओर बढ़ रहा है, जिसके कारण बादल छाए हुए हैं। साथ ही, उत्तर भारत में नमी बनी हुई है और प्रदेश में उत्तरी हवाएं भी चल रही हैं।
मार्च के आखिरी सप्ताह का पूर्वानुमान
मौसम विभाग के मुताबिक मार्च के अंतिम सप्ताह में ऐसा ही मौसम बने रहने की संभावना है। 26 और 29 मार्च के आसपास दो पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकते हैं, जिससे कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। हालांकि, तापमान में ज्यादा बदलाव की उम्मीद नहीं है और फिलहाल भीषण गर्मी से राहत बनी रहेगी। अगले 24 घंटों में मौसम मुख्यतः शुष्क रहेगा, लेकिन कुछ जगहों पर हल्की बूंदाबांदी हो सकती है।