प्रदेश में सोमवार को मौसम के अलग-अलग रंग देखने को मिले। एक ओर जहां राजधानी भोपाल सहित प्रदेश के मध्य और दक्षिणी हिस्सों में तेज धूप के कारण गर्मी का अहसास रहा, वहीं उत्तरी जिलों में बादलों की आवाजाही शुरू हो गई। कई स्थानों पर आंशिक बादल छाए रहने से अधिकतम तापमान में औसतन 1 से 2 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई। वहीं बादलों के कारण रात के तापमान में करीब 1 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी भी देखी गई।
नर्मदापुरम रहा सबसे गर्म
मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम शुष्क बना रहा, लेकिन ग्वालियर और चंबल संभाग में पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से बादल छाए रहे। नर्मदापुरम प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 38.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी भोपाल में अधिकतम तापमान 35.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से लगभग 2.3 डिग्री अधिक है। वहीं इंदौर, जबलपुर और उज्जैन में भी तापमान 35 से 37 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया।
उत्तर मध्य प्रदेश में तेज हवाओं का दौर
ग्वालयिर, दतिया,भिंड,मुरैना, सिंगरौली और रीवा सहित कई जिलों में बादल छाए रहे। इस दौरान कुछ क्षेत्रों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं। 17 मार्च से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिससे प्रदेश के तापमान में हल्की गिरावट आ सकती है।
18 मार्च से बारिश और आंधी की संभावना
18 मार्च से 20 मार्च के बीच प्रदेश के कई संभागों में गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है। इस दौरान कुछ स्थानों पर 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। हालांकि अगले 24 घंटों तक प्रदेश का मौसम सामान्यतः शुष्क बना रहेगा और तापमान में ज्यादा बदलाव की संभावना नहीं है।
महानगरों का तापमान
शहर -- अधिकतम -- न्यूनतम
भोपाल -- 35.2 -- 20.0
इंदौर -- 35.0 -- 19.0
ग्वालियर -- 34.1 -- 17.1
जबलपुर -- 35.8 -- 19.6
Comments (0)