रायपुर। राजधानी रायपुर के नया रायपुर इलाके में देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे जा टकराई और उछलकर दो पेड़ों के बीच फंस गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। प्राप्त जानकारी के अनुसार वाहन चालक एक डॉक्टर हैं, जिन्हें गंभीर अवस्था में तत्काल सत्य साईं अस्पताल में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है और उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
यह घटना मंदिर हसौद थाना क्षेत्र की है। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद घायल को वाहन से बाहर निकाला गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक आशंका तेज रफ्तार और नियंत्रण खोने की जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस सीसीटीवी फुटेज और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है।
Comments (0)