रायपुर। नया रायपुर क्षेत्र में विदेशी मूल के कुछ छात्र-छात्राओं की कथित हरकतों को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश देखने को मिल रहा है। मामला राखी थाना इलाके का बताया जा रहा है, जहां सेक्टर-30 की एक रिहायशी पार्किंग में अशोभनीय गतिविधियों का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है।
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि नाइजीरियन मूल के कुछ छात्र-छात्राएं, जो नया रायपुर स्थित निजी विश्वविद्यालयों में पढ़ाई करने आते हैं, सार्वजनिक स्थानों पर आपत्तिजनक व्यवहार करते हैं। विरोध करने पर कथित रूप से मारपीट की घटनाएं भी सामने आई हैं।
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस हरकत में आई है। राखी थाना पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो की सत्यता की जांच की जा रही है और संबंधित छात्रों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
कुछ स्थानीय लोगों ने यह भी आरोप लगाया है कि इन छात्रों के तार प्रदेश में चल रहे नशे के अवैध कारोबार से जुड़े हो सकते हैं। हालांकि पुलिस ने इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और जांच जारी होने की बात कही है।
प्रशासन का कहना है कि क्षेत्र में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त कदम उठाए जाएंगे।
Comments (0)