पन्ना। NH-39 पन्ना-छतरपुर मार्ग पर शनिवार 28 फरवरी को एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। छतरपुर से सतना की ओर जा रहा विशाल रोड लाइंस का ट्रक क्रमांक MP-19 ZE-9055 हरसा गेट के पास स्थित घाटी में अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे गहरी खाई में पलट गया। ट्रक राकड़ (मिट्टी/मिश्रण) से भरा हुआ था। हादसा इतना अचानक हुआ कि चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए ट्रक से छलांग लगा दी, जिससे उसकी जान बाल-बाल बच गई।
🔥 पलटते ही धूं-धूं कर जला ट्रक, बना आग का गोला
ट्रक के खाई में गिरते ही उसमें भीषण आग लग गई। देखते ही देखते पूरा वाहन आग की लपटों में घिर गया और कुछ ही मिनटों में ‘आग का गोला’ बन गया। घाटी क्षेत्र होने के कारण आग की लपटें दूर से दिखाई दे रही थीं, जिससे मार्ग पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। गनीमत रही कि चालक समय रहते कूद गया, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था।
🚒 दमकल की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और फायर ब्रिगेड को सूचित किया। सूचना मिलते ही दमकल टीम के चालक जितेंद्र सिंह यादव और फायरमैन अमित सेन दमकल वाहन के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। धूं-धूं कर जल रहे ट्रक की आग बुझाना चुनौतीपूर्ण रहा, लेकिन टीम ने लगातार पानी की बौछार कर आग पर काबू पा लिया। इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, हालांकि ट्रक पूरी तरह जलकर क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
Comments (0)