रायपुर। छात्र संगठन NSUI (नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया) ने प्रदेश में छात्रसंघ चुनाव बहाल कराने की मांग को लेकर चरणबद्ध आंदोलन का ऐलान किया है। राजधानी रायपुर स्थित राजीव भवन में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान संगठन के पदाधिकारियों ने इसकी जानकारी दी।
NSUI नेताओं ने कहा कि लंबे समय से प्रदेश में छात्रसंघ चुनाव नहीं कराए जा रहे हैं, जिससे छात्रों के लोकतांत्रिक अधिकार प्रभावित हो रहे हैं। इसी के विरोध में संगठन अब आंदोलन की राह पर है।
घोषित कार्यक्रम के अनुसार, 27 मार्च को प्रदेश के सभी महाविद्यालयों के प्राचार्यों के माध्यम से राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा। इसके बाद 6 अप्रैल को प्रदेश के सभी विश्वविद्यालयों का एक साथ घेराव किया जाएगा।
NSUI ने साफ किया कि यह आंदोलन केवल छात्रसंघ चुनाव की मांग तक सीमित नहीं है, बल्कि छात्रों से जुड़े कई गंभीर मुद्दों को लेकर भी प्रदर्शन किया जाएगा।
संगठन ने जिन प्रमुख मांगों को उठाया है, उनमें छात्रसंघ चुनाव बहाली, छात्रों के लोकतांत्रिक अधिकारों का संरक्षण, बढ़ती फीस पर नियंत्रण, छात्रवृत्ति में हो रही देरी, शिक्षकों की कमी, परीक्षा और रिजल्ट में अनियमितता शामिल हैं। इसके अलावा प्लेसमेंट, हॉस्टल, परिवहन और डिजिटल संसाधनों की समस्याओं को भी प्रमुख मुद्दा बताया गया है।
NSUI का आरोप है कि इन सभी मुद्दों को लेकर प्रशासन लगातार उदासीन बना हुआ है, जिसके चलते छात्रों में नाराजगी बढ़ रही है। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगें जल्द पूरी नहीं की गईं, तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।